तुम एक हुसैनी मारोगे हर घर से हुसैनी निकलेगा:बरेली में गूंजे नारे, शिया यूथ पंच रत्न ने पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ फूंका बिगुल

पाकिस्तान और बांग्लादेश में शिया समुदाय पर हो रहे अत्याचार और हाल ही में इस्लामाबाद की मस्जिद में हुए बम धमाके के विरोध में आज बरेली की सड़कें नारों से गूंज उठीं। शिया यूथ पंच रत्न के बैनर तले बड़ी संख्या में लोगों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। हाथों में ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ और ‘आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता’ लिखे पोस्टर लेकर प्रदर्शनकारियों ने साफ संदेश दिया कि वे मजलूमों के साथ और आतंकवाद के खिलाफ खड़े हैं। नमाजियों के हत्यारों को सजा देने की मांग प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पाकिस्तान में लगातार शिया समुदाय का नरसंहार किया जा रहा है, जो मानवता पर कलंक है। कलेक्ट्रेट पर जमा भीड़ ने “तुम एक हुसैनी मारोगे, हर घर से हुसैनी निकलेगा” के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों के पास मौजूद बैनरों पर स्पष्ट लिखा था कि आईएसआईएस मुर्दाबाद और बेगुनाहों के कातिलों को सख्त सजा दी जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस्लाम अमन का पैगाम है और नफरत फैलाने वालों का इससे कोई वास्ता नहीं है। भारत सरकार से अंतरराष्ट्रीय दखल की अपील जिलाधिकारी के माध्यम से भारत सरकार को भेजे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि इस गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन के मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र (UN) और वैश्विक मंचों पर उठाया जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर हमले कायराना हरकत हैं और वैश्विक शांति के लिए इन पर रोक लगाना अनिवार्य है। ज्ञापन में दोषियों के खिलाफ कठोर कूटनीतिक कार्रवाई की भी अपील की गई। इनकी रही मुख्य मौजूदगी शिया यूथ पंच रत्न के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज़हीर अब्बास राजा ने मीडिया को बताया कि यह प्रदर्शन इंसानियत की रक्षा के लिए है। कार्यक्रम का नेतृत्व शिया आस्फी मस्जिद के इमामे जुमा जनाब हसीन हैदर ने किया। संचालन कलीम हैदर नक़वी एडवोकेट और शुएब रिज़वी ने संभाला। इस मौके पर ज़मीर रज़ा, मोमिन नक़वी, अली आलिम ज़ैदी, जफर अब्बास, जमाल हैदर रिज़वी, रज़मी नक़वी, समीर रिज़वी एडवोकेट, इंतेज़ार ज़ैदी, ज़मान अब्बास, बाहत नक़वी, जव्वार अब्बास, आबिस अब्बास, अली अब्बास ज़ैदी, शुजा नक़वी, अस्करी अब्बास और ईशान रिज़वी सहित शिया समुदाय के तमाम लोग मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *