अनूपपुर में उप क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के पास शुक्रवार को एक युवक का शव मिला। मामला रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजनगर ओपन कास्ट (ओसीएम) का है। मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ निवासी अरबाज (30) के रूप में हुई है। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एसईसीएल के सुरक्षाकर्मियों ने घटना की सूचना रामनगर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए बिजुरी स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शव लगभग तीन दिन पुराना है। टीआई बोले-बिजली के करंट से झुलसने के निशान थाना प्रभारी सुमित कौशिक ने बताया कि मृतक के हाथ और पांव पर बिजली के करंट से झुलसने के निशान मिले हैं। उसका शव एसईसीएल को बिजली आपूर्ति करने वाले 11 केवी उच्च क्षमता के बिजली के खंभे के पास पाया गया। पुलिस को आशंका है कि युवक चोरी की नीयत से बिजली के तार काटने के प्रयास में खंभे पर चढ़ा होगा, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि एसईसीएल की वर्कशॉप और कोयला खदानों के आसपास से सामानों की चोरी की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। कबाड़ गिरोह द्वारा सुरक्षाकर्मियों की पिटाई कर चोरी करने के कई मामले भी सामने आए हैं, जिनकी शिकायतें थाने में दर्ज कराई जा चुकी हैं।


