अकोला में आग से छह साल की मासूम समेत तीन लोग जिंदा जले, डीजल बना कारण…

अकोला में आग से छह साल की मासूम समेत तीन लोग जिंदा जले, डीजल बना कारण…

महाराष्ट्र के अकोला जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। अकोट तहसील (Akot) के आदगांव बुद्रुक गांव (Adgaon Budruk village) में साप्ताहिक बाजार के पास एक मकान में भीषण आग लगने से 6 साल की मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की जान चली गई। हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच और अग्निशमन विभाग की रिपोर्ट के बाद ही आग लगने की सही वजह का पता चल पाएगा।

घर से बाहर निकलने का नहीं मिला मौका

जानकारी के मुताबिक, यह आग रात करीब 7 बजे भड़की। जिस घर में आग लगी, वह शेख इब्राहिम का बताया जा रहा है और पीड़ित परिवार वहां किराए पर रहता था। आग इतनी तेजी से फैली कि छह साल की स्वरा और 27 वर्षीय अनिल चव्हाण घर के अंदर ही फंस गए। गंभीर रूप से झुलसने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

जबकि 55 वर्षीय रत्ना चव्हाण को गंभीर हालत में अकोट ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें अकोला के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (GMCH) रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

डीजल की वजह से तेजी से फैली आग

स्थानीय लोगों  का आरोप है कि घर के अंदर बड़ी मात्रा में डीजल असुरक्षित तरीके से रखा गया था, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया और लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ज्वलनशील पदार्थ वहां न रखा गया होता तो शायद नुकसान इतना बड़ा नहीं होता।

हालांकि पुलिस ने शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना है। अकोट एसीपी निखिल पाटिल ने बताया कि आग के सही कारण का खुलासा फॉरेंसिक जांच और फायर ब्रिगेड की रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

घंटों चला राहत और बचाव कार्य

आग पर काबू पाने के लिए तेलहारा और अकोट से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। ग्रामीणों और ग्राम पंचायत ने भी पानी की व्यवस्था कर बचाव कार्य में मदद की। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया और देर रात तक पंचनामा चलता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *