उन्नाव के सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में परियार-बिठूर रोड पर गुरुवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान सफीपुर थाना क्षेत्र के परियार निवासी 27 वर्षीय सुरेंद्र पुत्र बउआ के रूप में हुई है। सुरेंद्र किसी काम से अपनी बाइक से निकले थे। परियार-बिठूर रोड पर रास्ते में पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेंद्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सुरेंद्र अपने तीन भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर थे। वह पेशे से व्यापारी थे और अपने अच्छे व्यवहार के कारण क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। उनकी अचानक मौत की खबर से परिवार में शोक छा गया। माता-पिता और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि परियार-बिठूर मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का आवागमन रहता है और पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क पर गति नियंत्रण के लिए प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। थानाध्यक्ष सुब्रत नारायण ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


