दमोह-जबलपुर हाईवे पर जबेरा थाना क्षेत्र के दाने बाबा इलाके में गुरुवार रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। दोनों एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। पुलिस ने शुक्रवार सुबह शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक आपस में मौसेरे भाई थे। इनकी पहचान सिंगपुर निवासी 18 वर्षीय आकाश बंसल (पिता राजू बंसल) और सड़क हरदुआ निवासी 18 वर्षीय दीपक बंसल (पिता मुकेश बंसल) के रूप में हुई है। वे भाट खमरिया गांव में अपने रिश्तेदार मुकेश बंसल के बेटे के लगुन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। गुरुवार रात करीब 12 बजे कार्यक्रम से लौटते समय जबेरा थाना अंतर्गत दाने बाबा के पास जंगल में मुख्य सड़क मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में आकाश बंसल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दीपक बंसल गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें जबेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां से गंभीर हालत में दीपक को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जबेरा थाने से एएसआई सुंदर और प्रधान आरक्षक देवेंद्र अस्पताल पहुंचे। दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम जबेरा में किया गया। जबेरा पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।


