शिक्षक बनने का सपना होगा साकार, आईटीईपी के लिए आवेदन शुरू

शिक्षक बनने का सपना होगा साकार, आईटीईपी के लिए आवेदन शुरू

एनटीए ने जारी किया नेशनल कॉमन एंट्रेंस टेस्ट 2026 का शेड्यूल; 10 मार्च तक भरे जा सकेंगे फॉर्म

देश के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे आइआइटी, एनआइटी और केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शिक्षक प्रशिक्षण के 4-वर्षीय इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम में प्रवेश की राह खुल गई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने गुरुवार को नेशनल कॉमन एंट्रेंस टेस्ट-2026 के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।

17 अप्रेल को हो सकती है परीक्षा

एनटीए की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन 12 फरवरी से 10 मार्च तक किए जा सकेंगे। परीक्षा का आयोजन 17 अप्रेल को प्रस्तावित है, हालांकि एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि चुनाव कार्यक्रमों के चलते इस तिथि में बदलाव संभव है। परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट मोड में 13 विभिन्न भाषाओं में आयोजित की जाएगी।

महत्वपूर्ण तिथियां एक नजर में

ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 मार्च (रात 11:50 बजे तक)। शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 11 मार्च तथा आवेदन में सुधार 12 से 14 मार्च तक होगा। परीक्षा की संभावित तिथि 17 अप्रेल 2026 होगी।

क्या है आईटीईपी

यह एक ‘डुअल मेजर’ प्रोग्राम है। इसमें छात्र एक साथ दो विषयों में विशेषज्ञता हासिल करते हैं। पहली विशेषज्ञता ‘शिक्षा’ में होती है जो स्कूल के विशिष्ट स्तर पर केंद्रित होती है। जबकि दूसरी विशेषज्ञता छात्र की ओर से चुने गए मुख्य विषय में होती है। यह कोर्स पूरा करने के बाद छात्र सीधे शिक्षक बनने के पात्र होंगे।

इन बातों का रखें खास ध्यान

  • अभ्यर्थी केवल एक ही आवेदन फॉर्म भर सकेगा। एक से अधिक आवेदन होने पर उम्मीदवारी निरस्त की जा सकती है।
  • आवेदन में अपना या अभिभावक का ही मोबाइल नंबर और ईमेल दें, क्योंकि भविष्य की सभी सूचनाएं एसएमएस और मेल के जरिए ही दी जाएंगी।
  • आवेदन में किसी भी तकनीकी समस्या के लिए अभ्यर्थी 011-40759000 पर फोन या ncet@nta.ac.in पर ईमेल कर सकते हैं।
  • इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट https://exams.nta.nic.in/ncet/ पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *