जौनपुर में एक पुलिसकर्मी को आईफोन चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। चंदौली निवासी पुलिसकर्मी धनंजय बिंद पर लाइन बाजार थाना क्षेत्र की एक मोबाइल दुकान से आईफोन चुराने का आरोप है। पुलिस ने उसे प्रभारी सीजेएम की कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। यह मामला जेसीज चौराहा निवासी सत्यम बरनवाल की शिकायत के बाद सामने आया। सत्यम ने 7 फरवरी को लाइन बाजार थाने में तहरीर दी थी, जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी दुकान ‘शिवम इंटरप्राइजेज’ जेसीज चौराहे पर है। घटना वाले दिन दोपहर करीब 2 बजे सत्यम की बहन दुकान पर थीं। तभी दो व्यक्ति दुकान पर आए, जिनमें से एक पुलिस की वर्दी में था और दूसरा सादे कपड़ों में। उन्होंने मोबाइल फोन दिखाने को कहा, जिस पर बहन ने उन्हें आईफोन 15 प्रो मैक्स दिखाया। आरोप है कि दोनों व्यक्तियों ने बड़ी चालाकी से वह फोन अपनी जेब में रख लिया और बहन को दूसरा मोबाइल फोन पकड़ाकर आईफोन लेकर चले गए। बाद में जब सत्यम दुकान पर आए और जांच की, तो फोन गायब मिला। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर दोनों व्यक्तियों को मोबाइल ले जाते हुए देखा गया। इस आधार पर पुलिस ने गुरुवार को मुकदमा दर्ज किया और धनंजय बिंद को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस लाइन में तैनात सिपाही धनंजय बिंद और बक्शा थाने से संबद्ध पीआरवी में तैनात मिथिलेश यादव को निलंबित कर दिया गया था। पुलिस अधीक्षक ने सीओ सदर देवेश सिंह की रिपोर्ट पर यह कार्रवाई की थी।


