सहारनपुर में देर रात को पुलिस और गोकशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जंगल की ओर ले जाई जा रही एक जिंदा बछिया को छुड़ाते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को पैर में गोली लगने के बाद दबोच लिया। बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। काउंटर फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए। वहीं 5-6 बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है। मामला थाना गंगोह क्षेत्र का है। नकुड़ सीओ अशोक सिसौदिया ने बताया कि पुलिस को देर रात सूचना मिली कि ग्राम कुंडाकलां के जंगल की तरफ कुछ लोग एक गाय और बछिया को गोकशी के इरादे से ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही गंगोह पुलिस टीम ने कुंडा-बिडौली मार्ग पर घेराबंदी शुरू की। करीब 12-1 बजे के बीच पुलिस को 7-8 लोग एक जिंदा बछिया को पैदल ले जाते दिखाई दिए। जैसे ही पुलिस ने टॉर्च की रोशनी डालकर रुकने का इशारा किया, आरोप है कि बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। घायल हालत में दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी पहचान अहसान उर्फ समीर पुत्र मुस्तफा और महमूद पुत्र राशिद निवासी ग्राम कुंडाकलां के रूप में हुई है। घायल दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बाकी बदमाशों की तलाश में जंगल और आसपास के इलाकों में कॉम्बिंग की। लेकिन कोई पता नहीं चल सका। पुलिस को गिरफ्तार बदमाशों के पास से दो तमंचे (.315 बोर), दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस, गोकशी के उपकरण और एक जिंदा बछिया बरामद हुई है। बछिया को सुरक्षित गौशाला भिजवा दिया गया। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपी शातिर किस्म के गौकश हैं और इनके खिलाफ पहले भी गंगोह थाने में गोकशी से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं। इनके आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है। सीओ नकुड़ अशोक सिसोदिया ने बताया कि सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई की। पुलिस पर फायरिंग हुई, जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हुए हैं। बाकी की तलाश जारी है।


