भास्कर न्यूज | कोरबा कक्षा 12वीं के छात्रों के विदाई समारोह में बीकन इंग्लिश मीडियम स्कूल सीएसईबी कोरबा पूर्व की प्राचार्य वायए नाथन ने कहा कि स्कूली शिक्षा की मजबूत नींव से ही छात्रों के उज्जवल भविष्य का निर्माण हो सकता है। स्कूल के कक्षा 11वीं के छात्रों ने 12वीं के छात्रों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता प्राचार्य नाथन ने की। उन्होंने कहा कि स्कूली जीवन को गोल्डन लाइफ कहा जाता है। स्कूल में बिताए दिन हमेशा याद रहते हैं। स्कूल में पुस्तकीय ज्ञान के साथ बच्चा अनुशासन का पाठ भी सीखता है। उज्जवल भविष्य के निर्माण में स्कूली शिक्षा एक मजबूत नींव होती है। अब कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राएं स्कूल के बाद अपना भविष्य गढ़ेंगे। छात्रों ने स्वागत गीत व रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। 12वीं के छात्रों को बुके व उपहार प्रदान किए गए। स्कूल के शिक्षकों ने छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की।


