मुरादाबाद देहात सीट से भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके कोठीवाल डेंटल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर के डायरेक्टर केके मिश्रा ने लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है। इस मुलाकात में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह भी उनके साथ मौजूद थे। इस मुलाकात के बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या ठाकुर रामवीर सिंह महानगर सीट पर केके मिश्रा को बतौर दावेदार पार्टी के नए संगठन के सामने पेश रहे हैं। रामवीर ठाकुर और केके मिश्रा की नजदीकियां किसी से छुपी नहीं हैं। मुरादाबाद से लेकर लखनऊ तक होने वाले ठाकुर रामवीर के सियासी कार्यक्रमों में केके मिश्रा ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया है। ठाकुर रामवीर सिंह और शहर विधायक रितेश गुप्ता के बीच की खटास किसी से छुपी नहीं है। ऐसे में इस मुलाकात को शहर सीट पर केके मिश्रा की दावेदारी की पहल के रूप में देखा रहा है। केके मिश्रा पहले भी शहर सीट पर दावा पेश कर चुके हैं। 2022 में भी पार्टी संगठन के सामने उनकी ओर से ये तर्क रखा गया था कि करीब 60 हजार ब्राहम्मण वोटों वाली महानगर सीट पर किसी ब्राहम्मण नेता को मौका दिया जाना चाहिए।
भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से रामवीर सिंह की नजदीकियां जगजाहिर हैं। भाजपा के सूत्र बताते हैं कि रामवीर खुद का राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए इस कोशिश में जुटे हैं कि 2027 में उनकी पसंद के कुछ टिकट फाइनल हो जाएं। अपने इसी सपने को पूरा करने के लिए रामवीर सिंह लॉबिंग में जुटे हैं।


