हरदा के एक सरकारी स्कूल में 6 साल के मासूम का शव गुरुवार रात मिला है। उसके गले पर चोट के निशान हैं। बालक दोपहर एक बजे से लापता था। मृतक का नाम अनिल कोरकू है। मासूम की मां पूनम कोरकू समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामला हरदा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम सुखरास का है। बताया गया कि मासूम अनिल दोपहर एक बजे से अपने घर से लापता था। परिजनों को सूचना मिली और वे मौके पर पहुंचे, तो बालक के गले पर चोट के निशान दिखाई दिए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची है। अभी तक फिलहाल बच्चे की मौत के कारणों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


