Ahmedabad. शहर के बोडकदेव क्षेत्र में स्थित शिवालिक हाइस्ट्रीट नाम की बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल पर गुरुवार दोपहर को अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, ऐसे में स्थिति को भांपते हुए दमकल विभाग की एक के बाद एक 16 गाडियां मौके पर पहुंची। 72 दमकल कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के साथ-साथ हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से लोगों को इमारत से बाहर निकालने का कार्य भी शुरू किया। तत्काल रेस्क्यू का कार्य शूरू होने के चलते बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। दमकल की टीमों ने 100 लोगों को सुरक्षित तरीके से इमारत से बाहर निकाला, जिसके चलते कोई जनहानि नहीं हुई।
चौथी मंजिल की ऑफिस में लगी थी आग
दमकल सूत्रों के तहत इमारत की चौथी मंजिल पर 406 नंबर की रियल एस्टेट की ऑफिस में आग लगी थी। ऑफिस में फर्नीचर होने से धुएं का गुबार उठा। आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
एक घंटे तक चली कार्यवाही
दमकल विभाग की टीमों ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर कार्यवाही शुरू की। 16 फायर वाहनों में तीन वाटर बाउजर, एक मिनी फाइटर, दो इमर्जेंसी टेंडर वाहन, 9 फर्स्ट रिस्पोंडर वाहन और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद ली गई। एक घंटे तक फायर ब्रिगेड के 72 जवानों ने मशक्कत की और लोगों को बचाया। इसमें 35 फायरमैन, तीन जमादार, 16 ड्राइवर, एक सब ऑफिसर, दो स्टेशन ऑफिसर, दो डिवीजन फायर ऑफिसर, एक डिप्टी सीएफओ, दो एडिशन सीएफओ और एक सीएफओ शामिल थे।
फायर सिस्टम कार्यरत रहने से मिली मदद
दमकल विभाग के अनुसार इमारत की फायर सिस्टम कार्यरत थी, जिसके चलते आग पर काबू पाने में काफी मदद मिली। धुआं भर जाने के चलते टीम ने फायर फाइटरों की मदद से फोर्स वेंटिलेशन करके धुएं को हटाते हुए आग पर काबू पाने की प्रक्रिया की। दूसरी ओर साथ में ही लोगों को बचाने की भी कार्यवाही की, जिससे जनहानि को टालने में मदद मिली।


