अनियंत्रित डंपर मकान पर पलटा, बड़ा हादसा टला

अनियंत्रित डंपर मकान पर पलटा, बड़ा हादसा टला

बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के बोरिकास गांव में हुआ हादसा।

बैतूल। बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के बोरिकास गांव में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रेत से भरा एक डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे बने एक मकान पर पलट गया। हादसे के समय घर के अंदर परिवार के सदस्य मौजूद थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान को भारी नुकसान पहुंचा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद डंपर सीधे मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर की ओर पलट गया। टक्कर इतनी तेज थी कि मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। डंपर जहां पलटा वहां बैल बंधे हुए थे, डंपर की आवाज से बैल दूर हो गए, लेकिन किसान की बैलगाड़ी डंपर के नीचे दब गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। मकान मालिक आनंद राव सरियाम ने बताया कि इस दुर्घटना से उसे काफी नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल डंपर को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। बताया गया कि मौके पर डंपर मालिक भी पहुंच गया था। जिससे दोनों पक्षों में राजीनामा की बात चलने से मामले में अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।

खनिज विभाग ने गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे 3 वाहनों को किया जब्त

बैतूल। जिले में अवैध परिवहन, खनन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत खनिज विभाग ने गुरुवार को खनिज अमले के साथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों का सघन दौरा कर आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान खनि निरीक्षक बैतूल द्वारा खनिज अमले के साथ बैतूलबाजार क्षेत्रांतर्गत मिलानपुर जोड़ के पास से खनिज गिट्टी के अवैध परिवहन में संलिप्त 1 वाहन डम्पर क्रमांक एमपी 48 एच 1150 को जब्त कर पुलिस थाना बैतूल बाजार की अभिरक्षा में खड़ा करवाया गया है। वहीं मुलताई क्षेत्रांतर्गत सांईखेड़ा जोड़ पर खनिज गिट्टी के अवैध परिवहन में संलिप्त 02 वाहन डम्पर क्रमांक एमपी 48 जेडजी 6777 एवं एमपी 09 जेडवाय 8710 को जब्त कर पुलिस थाना सांईखेड़ा की अभिरक्षा में खड़ा करवाया गया है। उपरोक्त अवैध परिवहनकर्ताओं के विरूद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के प्रावधानों के तहत कार्यवाही कर प्रकरणों को न्यायालय अपर कलेक्टर बैतूल में प्रस्तुत किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि खनिज विभाग द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भंडारण की रोकथाम के लिए कार्यवाही लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *