मोहनगढ़. इंदिरा गांधी नहर के अंतिम छोर जीरो आरडी पर सिंचाई पानी की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। नाचना से लेकर रामगढ़ तक विभिन्न स्थानों पर किसान धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। जीरो आरडी पर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार को नौवें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर गुरुवार को रेगुलेशन के अधिशासी अभियंता कप्तान कुमार मीणा किसानों के बीच पहुंचे और वार्ता की।
इस दौरान किसानों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक उन्हें उनके हक का पूरा सिंचाई पानी नहीं मिलेगा, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। किसानों का आरोप है कि नहर के अंतिम छोर तक निर्धारित मात्रा में पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे फसलें प्रभावित हो रही हैं और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। किसान नेताओं का कहना है कि पिछले कई दिनों से लगातार धरना जारी है, बावजूद इसके समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। इससे पूर्व भी किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की मांग की थी।
आंदोलन के चलते क्षेत्र में प्रशासनिक हलचल भी बढ़ी हुई है। धरना स्थल पर किसान नेता साहबान खां, आजम खां सांवरा, हसन खां सांवरा, भूपेंद्र सिंह, बाघ सिंह, हाजी हबीब खां, रहमतुल्ला भैया, हलीम भैया, इब्राहिम खां बाहला, बाबूराम हुड्डा, दीपाराम, हिम्मत सिंह, दीप सिंह, ललित पुरोहित, जगदीश, मूल सिंह, प्रेम सिंह, हरि सिंह, मांगीलाल बिश्नोई, श्रवण बिश्नोई, बुधराम, शिवलाल बिश्नोई, अमराराम कड़वासरा, ओमप्रकाश दैया, राणाराम, संतोष खत्री, सोमराज सियाग व केसाराम पोटलिया सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


