झांसी में सराफा कारोबारी के घर हुई करीब 69 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हैरानी की बात यह रही कि वारदात किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि 15-16 साल से घर में काम कर रहे नौकर ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अंजाम दी। पुलिस ने शत-प्रतिशत जेवर और नकदी बरामद कर ली है।
मामला मोहल्ला महाराजपुरा का है। सराफा कारोबारी अनिल कुमार साहू 3 फरवरी को घर से बाहर गए थे। घर पर उनका पुराना नौकर सुनील अहिरवार मौजूद था, जबकि उसकी पत्नी ऊपर कमरे में थी। वापस लौटने पर कारोबारी ने देखा कि तिजोरी से 65 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, कीमती नग और 3 लाख 10 हजार रुपये से अधिक नकदी गायब है। सूचना पर पुलिस ने 11 फरवरी को मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से खुला राज
सीओ रामवीर सिंह के अनुसार, प्रेमनगर थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय के नेतृत्व में पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरे खंगाले। फुटेज में एक महिला शॉल में कुछ छिपाकर ले जाती दिखाई दी। जब नौकर और मालिक को फुटेज दिखाई गई, तो सभी चौंक गए।
कैमरे में नौकर की पत्नी प्रीति अहिरवार 3 फरवरी की शाम करीब 5:30 बजे घर में आती और कुछ मिनट बाद शॉल में सामान छिपाकर बाहर जाती दिखी।
पूछताछ में कबूला जुर्म
शुरुआत में नौकर सुनील अहिरवार लगातार इनकार करता रहा और वर्षों की ईमानदारी का हवाला देता रहा। लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि तिजोरी खुली देख उसकी नीयत डोल गई। शक से बचने के लिए वह खुद घर से बाहर नहीं निकला और पत्नी को बुलाकर वारदात को अंजाम दिलवाया। दोनों ने जेवर और नकदी घर के अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिए थे, ताकि किसी को संदेह न हो।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
सुनील ने बताया कि मालिक के जाते ही उसे तिजोरी की चाबी दिखी और अमीर बनने की लालच जाग उठी। खुद चोरी करने पर पकड़े जाने का डर था, इसलिए पत्नी को बुलाकर चुपके से तिजोरी खोलकर सारा माल पार किया और शॉल में छिपाकर बाहर ले जाया गया।
बरामद किया गया सारा सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 10 हजार 700 रुपये नकद, 3 सोने की अंगूठियां, 3 सोने की जंजीरें, 4 जोड़ी सोने की बालियां, करीब 400 ग्राम के कीमती नग, 25 चांदी के सिक्के और एक पूजन धातु सिक्का बरामद किया है। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 65 लाख रुपये आंकी गई है।
सीओ रामवीर सिंह ने बताया कि चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया गया है और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


