भोपाल के गीतांजलि कॉम्पलेक्स में आग…डॉग का दम घुटा:आग बुझाने दौड़े लोग; तब तक गृहस्थी का पूरा सामान जल गया

भोपाल के गीतांजलि कॉम्पलेक्स में आग…डॉग का दम घुटा:आग बुझाने दौड़े लोग; तब तक गृहस्थी का पूरा सामान जल गया

भोपाल के कोटरा सुल्तानाबाद स्थित गीतांजलि कॉम्पलेक्स में गुरुवार को आग लग गई। आग ग्राउंड फ्लोर स्थित एक फ्लैट में लगी। इस वजह से गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया। वहीं, एक पालतू डॉग की धुएं से दम घुटने से मौत हो गई। आगजनी की घटना गुरुवार दोपहर की है। गीतांजलि कॉम्पलेक्स के ग्राउंड फ्लोर पर नरेंद्र श्रीवास का परिवार रहता है। दोपहर में उनकी पत्नी मंदिर गई थी। वहीं, नरेंद्र श्रीवास नौकरी और बेटा कॉलेज गया था। उनकी मां बरामदे में बैठी थीं। इसी दौरान आग लग गई। इलाके में रहने वाले आशीष दोहरे ने तुरंत दमकल को कॉल किया। उसके आने से पहले रहवासी ही आग बुझाने में जुट गए, लेकिन आग विकराल होती गई। इस वजह से दमकल आने से पहले घर के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। रहवासियों ने बताया कि परिवार ने दो डॉग भी पाले हुए थे। इनमें से एक अंदर था। संभवत: धुएं की वजह से उसकी मौत हो गई। आग लगने की वजह तो सामने नहीं आई, लेकिन अंदर रखा फ्रीज, टीवी, अलमारी समेत गृहस्थी का पूरा सामान जल गया। वहीं, बच्चों के स्कूल व अन्य जरूरी दस्तावेज भी जल गए। आगजनी की 2 तस्वीरें… लोगों में हड़कंप मचा गीतांजलि कॉम्पलेक्स की पांच फ्लोर की मल्टी में 16 फ्लेट है। श्रीवास अपने परिवार के साथ ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं। पास में ही हजेला हॉस्पिटल भी है। इस वजह से इलाके में हड़कंप मच गया। आग ज्यादा न फैले, इसलिए आसपास के लोग भी उसे काबू करने में जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि किचन में सिलेंडर भी रखा था। गनीमत रही कि वह नहीं फटा, वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *