Soya for Men Health: क्या सोया चंक्स खाने से पुरुषों की छाती महिलाओं जैसी हो जाती है? डॉक्टर ने बताया सच

Soya for Men Health: क्या सोया चंक्स खाने से पुरुषों की छाती महिलाओं जैसी हो जाती है? डॉक्टर ने बताया सच

Soya for Men Health: आजकल फिटनेस और डाइट को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें सुनने को मिलती हैं। खासकर पुरुषों के बीच एक आम धारणा है कि सोया खाने से शरीर में फेमिनिन यानी महिला जैसे बदलाव आने लगते हैं। कुछ लोग तो यह भी मानते हैं कि सोया खाने से पुरुषों में छाती का बढ़ने की समस्या हो सकती है। लेकिन गैस्ट्रो और लीवर विशेषज्ञ डॉ. शुभम वत्स्य का कहना है कि यह सिर्फ एक मिथक है, जिसका कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है।

सोया से हार्मोन बिगड़ते हैं? सच क्या है

डॉ. वत्स्य बताते हैं कि सोया को लेकर डर की वजह उसमें मौजूद आइसोफ्लेवोन्स हैं। ये पौधों में पाए जाने वाले एक तरह के फाइटोएस्ट्रोजन होते हैं। कई लोगों को लगता है कि ये शरीर में महिला हार्मोन एस्ट्रोजन की तरह काम करते हैं और पुरुषों के हार्मोन को प्रभावित कर सकते हैं। लेकिन डॉक्टर साफ कहते हैं कि ऐसा कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है कि सोया खाने से पुरुषों में एस्ट्रोजन बढ़ता है या छाती का आकार बढ़ता है। उनके अनुसार, सोया से पुरुषों में छाती का बढ़ने की समस्या नहीं होती है, न ही यह पुरुषों के हार्मोन को नुकसान पहुंचाता है। पुरुष इसे रोज खा सकते हैं, इसमें कोई समस्या नहीं है।

शाकाहारियों के लिए प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत

जो लोग शाकाहारी हैं या प्लांट-बेस्ड डाइट लेते हैं, उनके लिए शरीर की जरूरत के सभी जरूरी अमीनो एसिड पाना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। ऐसे में सोया बहुत काम का साबित होता है क्योंकि यह कम्प्लीट प्रोटीन है। यानी इसमें सभी जरूरी अमीनो एसिड मौजूद होते हैं। डॉ. वत्स्य के अनुसार, सोया सस्ता, आसानी से मिलने वाला और शरीर के लिए बहुत अच्छा प्रोटीन स्रोत है। यही वजह है कि एथलीट, फिटनेस प्रेमी और हेल्थ कॉन्शियस लोग इसे अपने आहार में शामिल करते हैं।

सोया चंक्स बनाम पनीर

भारतीय घरों में पनीर और सोया चंक्स दोनों ही लोकप्रिय प्रोटीन स्रोत हैं। लेकिन बहुत से लोगों को यह नहीं पता कि सोया चंक्स में पनीर की तुलना में ज्यादा प्रोटीन होता है। सोया चंक्स दरअसल सोयाबीन से तेल निकालने के बाद बची सामग्री से बनाए जाते हैं। इनमें प्रोटीन की मात्रा अधिक होती है और इन्हें कई तरह की डिश में आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है।

रोज खा सकते हैं सोया?

डॉक्टरों का कहना है कि सोया को रोजाना डाइट में शामिल करना सुरक्षित है। यह मांसपेशियों को मजबूत रखने, शरीर को जरूरी पोषण देने और हेल्दी रहने में मदद कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *