राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सैकण्डरी और सीनियर सैकण्डरी परीक्षाओं का गुरुवार से औपचारिक आगाज़ हो गया। पहले ही दिन राजधानी जयपुर के परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की भारी उपस्थिति देखने को मिली।सैकण्डरी स्तर पर अंग्रेजी अनिवार्य तथा सीनियर सैकण्डरी स्तर पर मनोविज्ञान विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में रिकॉर्ड संख्या में विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।प्रदेशभर में कुल 19 लाख 90 हजार 57 परीक्षार्थियों में से 10 लाख 68 हजार 109 छात्र-छात्राएं कक्षा 10वीं तथा 9 लाख 10 हजार 9 विद्यार्थी कक्षा 12वीं की परीक्षा दे रहे हैं। इसके साथ ही वरिष्ठ उपाध्याय और प्रवेशिका पाठ्यक्रमों के हजारों अभ्यर्थी भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था, उड़नदस्तों की तैनाती और सीसीटीवी निगरानी की गई है। बोर्ड प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।परीक्षा का समय सुबह 8.30 से 11.45 बजे तक निर्धारित किया गया है, जबकि विशेष श्रेणी के परीक्षार्थियों के लिए अतिरिक्त समय रखा गया है। किसी भी शिकायत या सूचना के लिए बोर्ड का कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित रहेगा, जहां परीक्षार्थी और अभिभावक संपर्क कर सकते हैं।