इश्क, जलन और कत्ल! प्रेमिका ने रची खौफनाक साजिश, 19 साल की शिफा को सरेआम गोलियों से भूना

इश्क, जलन और कत्ल! प्रेमिका ने रची खौफनाक साजिश, 19 साल की शिफा को सरेआम गोलियों से भूना

मुंबई के गोवंडी इलाके में 19 साल की शिफा शेख की हत्या से सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि यह वारदात लव ट्रायंगल (प्रेम त्रिकोण) के चलते अंजाम दी गई। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि युवती की हत्या के आरोप में साजिद शेख, कलाम चौधरी, रिजवान शेख उर्फ नदीम (23) और तबस्सुम शेख (25) को गिरफ्तार किया गया है। स्थानीय कोर्ट ने चारों आरोपियों को 18 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

सरेआम गोली मारकर हत्या

यह खौफनाक घटना मंगलवार 10 फरवरी की सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुई। शिफा शेख नाश्ता करने के लिए अपने घर से बाहर निकली थी। तभी घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली शिफा के गाल को चीरते हुए निकल गई। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लव ट्रायंगल में रची गई साजिश

पुलिस जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग सामने आई है। मुख्य आरोपी नदीम (23) और तबस्सुम (25) के बीच प्रेम संबंध थे। शिफा और नदीम की बढ़ती नजदीकी तबस्सुम को पसंद नहीं थी। इसी जलन और गुस्से में तबस्सुम ने शिफा को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। इस साजिश में तबस्सुम का भाई साजिद और दोस्त कलाम भी शामिल थे।

हत्या के लिए प्रेमी ने दी पिस्तौल

जांच में पता चला है कि हत्या के लिए पिस्तौल नदीम ने उपलब्ध कराई थी। जबकि तबस्सुम ने शिफा को मारने के लिए अपने भाई और दोस्त की भी मदद ली।

जोनल डीसीपी समीर शेख ने पुष्टि की है कि यह मर्डर आपसी रंजिश और प्रेम संबंधों के कारण हुआ। पुलिस अब हथियार के स्रोत का पता लगा रही है। आरोपियों के खिलाफ शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस साजिश में कोई और भी शामिल था, हथियार कहां से लाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *