ICC T20 World Cup 2026: पल्लेकेले में खेले गए मुकाबले (sri lanka vs oman) में श्रीलंका ने ओमान को 105 रनों से रौंद दिया। कुसल मेंडिस, पवन रत्नायके और कप्तान दसुन शानका के अर्धशतकों की बदौलत श्रीलंका ने 225 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में ओमान की टीम महज 120 रन पर सिमट गई। यह जीत टी20 विश्व कप इतिहास में रनों के अंतर से सातवीं सबसे बड़ी जीत है।
पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 (T20 World Cup 2026) के ग्रुप बी के मुकाबले (sri lanka vs oman) में श्रीलंका ने ओमान को 105 रन से हरा दिया। श्रीलंका की यह दूसरी जीत है। 226 रन के बड़े लक्ष्य के दबाव में ओमान की बल्लेबाजी बिखर गई। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और 12 के स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए हम्माद मिर्जा भी 9 रन बनाकर आउट हो गए।
चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए मोहम्मद नदीम और पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए वसीम अली ने क्रीज पर रुकने का साहस दिखाया और चौथे विकेट के लिए पारी की सबसे बड़ी 42 रन की साझेदारी की। वसीम 20 गेंद पर 3 छक्कों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए। नदीम 56 गेंद में 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 53 रन बनाकर नाबाद रहे। इन दोनों बल्लेबाजों को छोड़कर कोई भी अन्य बल्लेबाज दो अंकों में प्रवेश नहीं कर सका।
ओमान 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 120 रन बना सकी और 105 रन के बड़े अंतर से मैच हार गई। दुश्मंथा चमीरा ने 2 ओवर में 19 रन देकर 2, महिश तिक्षाणा ने 4 ओवर में 11 रन देकर 2, दुनिथ वेलालागे ने 4 ओवर में 17 रन देकर 1, दुशन हेमंथा ने 4 ओवर में 45 रन देकर 1, कामिंदु मेंडिस ने 2 ओवर में 10 रन देकर 1 विकेट लिए।
इसके पहले ओमान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ने खराब शुरुआत के बावजूद 5 विकेट पर 225 रन बनाए थे। श्रीलंका की तरफ से कप्तान दासुन शनाका ने मात्र 19 गेंद पर 5 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 50 रन की पारी खेली। अंतरराष्ट्रीय टी20 में श्रीलंका की तरफ से यह सबसे तेज अर्धशतक है। शनाका के अलावा, पवन रथनायके ने 28 गेंद पर 1 छक्का और 8 चौकों की मदद से 60 रन और कुसाल मेंडिस ने भी 45 गेंद पर 7 चौकों की मदद से 61 रन की पारी खेली।
टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे बड़ी 6 जीत
श्रीलंका की यह विजय टी20 विश्व कप के इतिहास में रनों के लिहाज से सांतवी सबसे बड़ी जीत थी। इससे पहले इस फेहरिस्त में यह 6 मौके हैं:
- श्रीलंका बनाम केन्या (2007) – 172 रन : 2007 के पहले टी20 विश्व कप के दौरान जोहान्सबर्ग में श्रीलंका ने केन्या के खिलाफ 260/6 का विशाल स्कोर बनाया। संगकारा, जयवर्धने और मुबारक की विस्फोटक पारियों के दम पर श्रीलंका ने केन्या को महज 88 रन पर ढेर कर 172 रन से जीत हासिल की। यह टी20 विश्व कप इतिहास की सबसे बड़ी जीत है।
- वेस्टइंडीज बनाम युगांडा (2024) – 134 रन: 2024 टी20 विश्व कप में प्रोविडेंस में वेस्टइंडीज ने युगांडा के खिलाफ दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। कैरेबियाई टीम ने 173 रन बनाए और युगांडा को केवल 39 रन पर समेट दिया और 134 रन से जीत हासिल की।
- दक्षिण अफ्रीका बनाम स्कॉटलैंड (2009) – 130 रन: 2009 विश्व कप में ओवल में दक्षिण अफ्रीका ने 211/5 का स्कोर खड़ा किया। एबी डिविलियर्स की 34 गेंदों पर नाबाद 79 रन की दमदार पारी की बदौलत प्रोटियाज ने स्कॉटलैंड को 81 रन पर समेटकर 130 रन से जीत दर्ज की।
- अफगानिस्तान बनाम स्कॉटलैंड (2021) – 130 रन: 2021 टी20 विश्व कप में शारजाह में अफगानिस्तान ने स्कॉटलैंड को 130 रन से हराया। अफगानिस्तान के 190/4 के जवाब में स्कॉटलैंड मुजीब उर रहमान (5/20) और रशीद खान (4/9) की घातक गेंदबाजी के सामने 60 रन पर ढेर हो गई।
- अफगानिस्तान बनाम युगांडा (2024) – 125 रन: 2024 विश्व कप में प्रोविडेंस में अफगानिस्तान ने युगांडा के खिलाफ 183 रन का स्कोर बनाया और युगांडा को 58 रन पर समेटकर अफगानिस्तान ने 125 रन की जीत हासिल की।
- इंग्लैंड बनाम अफगानिस्तान (2012) – 116 रन: 2012 विश्व कप में कोलंबो में इंग्लैंड ने 196/5 बनाया। जवाब में अफगानिस्तान 80 रन पर ढेर हो गई और इंग्लैंड ने 116 रन से जीत दर्ज की।
Sports – Patrika | CMS


