हरियाणा में 10 ट्रेड यूनियनों द्वारा घोषित एक दिवसीय हड़ताल का महेंद्रगढ़ जिले में कोई खास असर देखने को नहीं मिला। जिलेभर में बस सेवाएं नियमित रूप से संचालित होती रहीं और आम जनजीवन सामान्य बना रहा। सरकारी और निजी परिवहन सेवाएं सुचारू रहीं, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। वहीं हड़ताल के मद्देनजर जिला प्रशासन ने पहले ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। जिलाधीश कैप्टन मनोज कुमार ने सार्वजनिक सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू करने के आदेश जारी किए थे। प्रमुख बस स्टैंडों के 200 मीटर के दायरे में प्रदर्शन पर रोक इन निर्देशों के अनुसार, नारनौल बस डिपो, महेंद्रगढ़ सब-डिपो तथा सतनाली, नांगल चौधरी, कनीना और अटेली के प्रमुख बस स्टैंडों के 200 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की गैर-कानूनी सभा, प्रदर्शन या भीड़ एकत्रित करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था। प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल भी तैनात वहीं संभावित स्थिति को देखते हुए बस स्टैंडों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल भी तैनात किया गया।रोडवेज सब इंस्पेक्टर वेद प्रकाश ने बताया कि महेंद्रगढ़ में सभी बसें नियमित रूप से चल रही हैं। उन्होंने पुष्टि की कि सरकारी और निजी परिवहन सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं, जिससे यात्रियों को कोई असुविधा नहीं हुई। एक यात्री राकेश ने भी बताया कि प्रतिदिन की तरह आज भी सभी बसें सुचारू रूप से चल रही हैं और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है।


