मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के तारीख खास गांव में रास्ते में गिट्टी रखने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर पत्थर से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना बुधवार दोपहर की है। फरियादी रामसजीवन साकेत (50) ने नईगढ़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा रोहित साकेत ट्रैक्टर लेकर गांव में जा रहा था, तभी संतोष साकेत के घर के सामने सड़क पर डाली गई गिट्टी पर ट्रैक्टर का पहिया चढ़ गया। इस बात पर संतोष साकेत ने रोहित के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर रामसजीवन मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। संतोष साकेत ने पत्थर उठाकर रामसजीवन के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और बाईं आंख के ऊपर चोट आई। मौके पर मौजूद रामसजीवन कुशवाहा, रोहित साकेत और गोलू साकेत ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। पीड़ित रामसजीवन का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी संतोष साकेत ने उन्हें दोबारा ट्रैक्टर लेकर आने पर जान से मारने की धमकी दी। रामसजीवन ने यह भी बताया कि संतोष साकेत और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उनके साथ मारपीट की थी। नईगढ़ी थाना प्रभारी गोविंद तिवारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है।


