T20 World Cup 2026: ‘मुझे गेंद नहीं दिख रही’, इस वजह से अंपायर से भिड़े मोहम्मद नबी, ICC ने ठोका जुर्माना

T20 World Cup 2026: ‘मुझे गेंद नहीं दिख रही’, इस वजह से अंपायर से भिड़े मोहम्मद नबी, ICC ने ठोका जुर्माना

मोहम्मद नबी और अंपायर के बीच तीखी बहस देखने को मिली। जिसके चलते अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने उनपर जुर्माना लगाया है। आईसीसी ने अंपायर के फैसले का उल्लंघन करने के लिए नबी को मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। 

Mohammad Nabi fined, South Africa vs Afghanistan T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 13वां मुक़ाबला दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच खेला गया। अहमदाबाद में खेले गए इस मुक़ाबले में दो सुपर ओवर देखने को मिले। हालांकि अंत में दक्षिण अफ्रीका ने बाज़ी मारते हुए मुकाबले से दो अंक हासिल किए।

आईसीसी ने मोहम्मद नबी पर लगाया जुर्माना

इस मुक़ाबले में अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर और पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी और अंपायर के बीच तीखी बहस देखने को मिली। जिसके चलते अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने उनपर जुर्माना लगाया है। आईसीसी ने अंपायर के फैसले का उल्लंघन करने के लिए नबी को मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। यह घटना अफगानिस्तान की पारी के 14वें ओवर में हुई, जब नबी ने दक्षिण अफ्रीकी तेज़ गेंदबाज़ लुंगी एनगिडी के कलाई पर बंधे रिस्ट बैंड को लेकर अंपायरों से लंबी बहस की।

लुंगी एनगिडी के रिस्टबैंड से हुई दिक्कत

दरअसल ओवर की शुरुआत में जैसे ही लुंगी एनगिडी गेंदबाजी के लिए आए, स्ट्राइक पर मौजूद मोहम्मद नबी ने उन्हें बीच में ही रोक दिया। नबी का तर्क था कि एनगिडी ने अपनी कलाई पर जो चमकीला पीला रिस्टबैंड बांधा है, उसके कारण उन्हें गेंद की साइट अच्छे से नहीं हो रही है। नबी का मानना था कि रिस्टबैंड का रंग गेंद के साथ घुल-मिल रहा है, जिससे शॉट खेलने में परेशानी हो रही है।

नबी और अंपायरों के बीच तीखी बहस

नबी इस मुद्दे को लेकर काफी आक्रामक नजर आए और उन्होंने अंपायरों से एनगिडी का रिस्टबैंड हटवाने की मांग की। हालांकि, अंपायरों ने नबी की दलील को पूरी तरह स्वीकार नहीं किया। काफी देर तक नबी और अंपायरों के बीच तीखी बातचीत चलती रही। इस दौरान दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी भी इस बहस में कूद पड़े और नबी की दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों के साथ भी जुबानी जंग हुई। मामला बिगड़ता देख कप्तान एडेन मार्करम को हस्तक्षेप करना पड़ा और उन्होंने नबी को शांत करने की कोशिश की। अंत में अंपायरों के आदेश पर खेल दोबारा शुरू हुआ, लेकिन एनगिडी ने रिस्टबैंड नहीं हटाया।

आईसीसी आचार संहिता के लेवल-1 का उल्लंघन

अंपायर के फैसले पर आपत्ति जताते हुए नबी ने आईसीसी आचार संहिता के लेवल-1 का उल्लंघन किया। आईसीसी ने गुरुवार को जारी बयान में बताया कि नबी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और अमीरात आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरीज़ के डेविड गिल्बर्ट द्वारा प्रस्तावित सज़ा को मान लिया। ऐसे में औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। इसके अलावा, पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला उल्लंघन होने के कारण उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है।

दोनों टीमों के बीच खेला गया यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और टाई पर समाप्त हुआ। इसके बाद विजेता तय करने के लिए दो सुपर ओवर खेले गए, जिसमें अंततः दक्षिण अफ्रीका ने बाज़ी मारते हुए मुकाबले से दो अंक हासिल किए।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *