श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुख्यवादी व पक्षकार आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज को जान से मारने की धमकी मिली है। शंकराचार्य स्वामी अवि मुक्तेश्वरानंद के खिलाफ प्रयागराज अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (रेप एवं पाक्सो विशेष न्यायालय) में वाद दाखिल करने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी ने अब प्रयागराज पुलिस के अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर धमकी देने, वाहन में आग लगवा देने, कोर्ट में पेश होने वाले नाबालिगों को मरवा देने की धमकी का आरोप लगाय है। उनका कहना है कि फोन कर धमकी दी गई। इसके बाद वाट्सएप काल कर धमकाया गया। अपने पैड पर लिखित शिकायत में आशुतोष ब्रह्मचारी ने आरोप लगाया कि 11 फरवरी 2026 को रात्रि लगभग 9:16 बजे मोबाइल नंबर कॉल आई। जिसमें न्यायालय में उपस्थित होने पर वाहन में आग लगवाने की धमकी दी गई। नाबालिक पीड़ित बालक की हत्या कराए जाने की धमकी दी गई, लंबित शिकायतें वापस लेने हेतु दबाव बनाया गया।
इसके उपरांत उसी नंबर से रात्रि 9:29 PM एवं 9:31 PM पर व्हाट्सएप वीडियो एवं वॉइस कॉल की गई। वीडियो कॉल के दौरान -हथियार जैसा वस्तु प्रदर्शित कर भय उत्पन्न किया गया, अश्लील एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया, नाबालिग बालक के संबंध में अभद्र टिप्पणियाँ की गईं, नग्न होकर अश्लील आचरण प्रदर्शित किया गया। उक्त कृत्य से प्रार्थी एवं संबंधित नाबालिग को गंभीर मानसिक आघात एवं भय की स्थिति उत्पन्न हुई है।


