शराब के नशे में भाई बना कातिल… छोटे भाई का गला दबाकर कर दी हत्या

शराब के नशे में भाई बना कातिल… छोटे भाई का गला दबाकर कर दी हत्या

जौनपुर के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में शराब के नशे में चूर एक शख्स ने रिश्तों का कत्ल कर दिया है। यहां, एक बड़े भाई ने छोटे भाई की गला दबाकर हत्या कर दी है। घटना बुधवार देर रात की है। बड़े भाई की इस हरकत से गांव में यह बात चर्चा का विषय बनी हुई है कि कैसे कोई सगे भाई कि हत्या कर सकता है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

कहासूनी में दोनों भाइयों में हुई मारपीट

 शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के ताखा पूरब गांव के लोगों ने कभी सोचा भी नहीं होगा की बचपन में एक साथ खेल कर बड़े हुए दो भाई एक-दूसरे की जान के दुश्मन बन जाएंगे। जानकारी के मुताबिक, गांव के सुदर्शन यादव का अपने बड़े भाई अरविंद यादव से बुधवार की देर रात किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि बड़ा भाई अरविंद यादव शराब के नशे में चूर था और विवाद के बाद कहासूनी में दोनों के बीच मारपीट हो गई। इसी दौरान अरविंद ने अपने छोटे भाई सुदर्शन का गला दबा दिया। परिवार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुदर्शन को अस्पताल भेजा जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और आरोपी अरविंद को पड़कर पुलिस को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस ने अरविंद को गिरफ्तार कर लिया है।

जांच में जुटी पुलिस

 क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान के मुताबिक, आरोपी अरविंद शराब के नशे में चूर था और उसका अस्पताल में मेडिकल कराया गया है। वहीं, मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार की तरफ से तहरीर मिलने के बाद आरोपी अरविंद पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *