झांसी में 18 साल पुराने नौकर ने अपने मालिक ज्वेलर के 65 लाख के गहने और 3.10 लाख कैश चोरी कर लिए। फिर फोन कर पत्नी को बुलाया और उसे पूरा माल दे दिया। वो शॉल में छुपाकर गहने व रुपए ले गई। जब मालिक ने तिजोरी खोली तो गहने व कैश गायब थे। चूंकि, नौकर घर में ही मौजूद था तो मालिक को शक नहीं हुआ। पुलिस ने भी शक के तौर पर नौकर से पूछताछ की तो वो कहने लगा- आप मेरे मालिक से ही पूछ लीजिए। 18 साल हो गए, कभी 10 रुपए की चोरी नहीं की। ऐसे में पुलिस ने उसे छोड़ दिया। जब पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। तब एक महिला शॉल में गहने छुपाकर ले जाते दिखी। पुलिस ने फुटेज मालिक को दिखाए तो पता चला कि महिला कोई और नहीं, बल्कि नौकर की पत्नी है। तब सख्ती से पूछताछ की गई। तब दोनों ने चोरी कबूल कर ली। दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनसे 65 लाख के गहने और कैश बरामद किया है। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए ज्वेलर की दो दुकानें हैं प्रेमनगर थाना क्षेत्र के महाराजपुरा निवासी अनिल कुमार साहू सर्राफा कारोबारी हैं। उनकी एक दुकान घर में है, जबकि दूसरी दुकान सीपरी बाजार में मौजूद है। अनिल ने पुलिस को बताया- नगरा के स्कूलपुरा मोहल्ला निवासी सुनील अहिरवार लगभग 18 साल से मेरे घर पर काम कर रहा था। 3 फरवरी को मैं फार्महाउस पर गया था, जबकि बेटा सीपरी बाजार स्थित दुकान में था। पत्नी ऊपर वाले कमरे में थी। मैं गलती से तिजाैरी की चाबी घर पर भूल गया। जब लौटकर आया ताे चाबी तिजौरी में लगी थी। शक होने पर तिजौरी खोलकर देखी तो 65 लाख रुपए के गहने और 3 लाख 10 हजार 700 रुपए कैश गायब थे। यह देखकर उसके होश उड़ गए। अनिल की तहरीर पर पुलिस ने 11 फरवरी को चोरी का केस दर्ज किया। 1:27 मिनट में गहने चुराकर ले गई सीओ सदर रामवीर सिंह ने बताया- बड़ी चोरी की सूचना पर प्रेमनगर थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय और उनकी टीम एक्टिव हो गई। तिजोरी का लॉक खोलकर चोरी हुई थी, इसलिए नौकर सुनील पर शक था। मगर वो चोरी करने से मना कर रहा है। ऐसे में अनिल के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। तब सुनील की पत्नी प्रीति नजर आई। वो 3 फरवरी को शाम 5 बजकर 35 मिनट 55 सेकेंड पर दौड़ते हुए अनिल के घर की तरफ जा रही है। 1:27 मिनट बाद 5 बजकर 35 मिनट 55 सेकेंड पर वो वापस जाते हुए दिखी। वो शॉल के अंदर गहने और कैश छुपाए दिखी। तब सुनील और प्रीति से सख्ती से पूछताछ की गई। तब दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया। उनसे सारे गहने और कैश बरामद हो गया। पत्नी को फोन करके बुलाया आरोपी रामवीर ने पुलिस को बताया- घर में तिजौरी की चाबी देखकर मेरे मन में लालच आ गया। मैं भी बड़ा आदमी बनना चाहता था। अगर गहने चुराकर भागता तो सबको मुझपर शक हो जाता। इसलिए फोन करके पत्नी प्रीति को घर के पीछे बुलाया। फिर तिजोरी खोलकर पूरे गहने और पैसे निकाल लिए। छत से पूरा माल फेंककर पत्नी को दे दिया, जो पत्नी लेकर घर चली गई और माल को पंखों के कवर और इधर-उधर छिपा दिया। मैं घर पर ही रहा। जब मालिक ने तिजौरी खोली तो गहने गायब मिले। मैं घर पर ही था तो किसी को शक नहीं हुआ। मगर बाद में चोरी पकड़ी गई। इस टीम ने किया खुलासा
प्रेमनगर थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय, नैनागढ़ चौकी इंचार्ज संतप्रकाश त्रिपाठी, दरोगा अवधेश कुमार, शमशुल हसन, सिपाही ललित कुमार, शोभित शुक्ला, मुकेश कुमार, महिला सिपाही आरती यादव और प्रीति मिश्रा।


