मऊगंज थाना क्षेत्र के मुदरिया कप्सान गांव में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। परिवार के ही सदस्यों ने मारपीट की। जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल युवक की पहचान मुदरिया कप्सान निवासी सत्यम मिश्रा के रूप में हुई है। सत्यम ने पुलिस को बताया कि परिवार के ही रामदरस मिश्रा, आशीष मिश्रा और पुष्पेंद्र मिश्रा उसे कई दिनों से धमकी दे रहे थे। तीनों आरोपियों ने युवक को लाठी-डंडों से पीटा बुधवार शाम करीब 7 बजे जब सत्यम अपने घर से बाहर निकला, तभी तीनों आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में सत्यम मिश्रा के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही गिर पड़ा। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। इसके बाद परिजनों ने उसे तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।


