शाह और पाटिल से मिलीं सांसद, केन-बेतवा लिंक विस्तार पर की चर्चा

दिल्ली प्रवास के दौरान सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान क्षेत्र की प्रगति, संगठन की मजबूती और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से भी सौजन्य भेंट की। इस दौरान सागर लोकसभा क्षेत्र के समग्र विकास और किसानों की समृद्धि को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सांसद ने केन-बेतवा लिंक परियोजना के विस्तार का आग्रह करते हुए कहा कि लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभा क्षेत्रों में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जाना आवश्यक है, ताकि किसानों को शत-प्रतिशत सिंचाई का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र के हर किसान के खेत तक पर्याप्त पानी पहुंचाना है। जल संचयन और सिंचाई संसाधनों के सुदृढ़ीकरण से कृषि क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति प्राप्त होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *