झांसी : झांसी में एक महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। महिला के भाई का कहना है कि उसकी बहन का पति उसे हमेशा ताना मारता था और कहता था कि तुम काली हो और मैं दूसरी शादी करूंगा।
महिला के भाई ने आगे बताया कि उसके घर फोन आया और बहन के पति ने बताया कि पूजा की करंट से मौत हो गई है। लेकिन वह झूठ बोल रहा है। मेरी बहन की मौत करंट से नहीं हुई है। उसे गला घोंटकर मारा गया है। उसके गले पर रस्सी और चोट के निशान थे।
मामला झांसी जिले के पलींदा गांव का है। पूजा के भाई दतिया के अंडोरा गांव निवासी सुनील बघेल ने बताया कि उसकी बहन की शादी 3 साल पहले धीरज से हुई थी। धीरज खेती किसानी का काम करता था।
5 लाख रुपए और कार की डिमांड करते थे ससुराल वाले
सुनील बघेल ने आरोप लगाया कि पूजा के ससुराल वाले उससे 5 लाख रुपए और कार की डिमांड करते थे। पति बहन से कहता था तुम काली है, मैं दूसरी लड़की से शादी करुंगा। पूजा को अक्सर ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। बहन हम लोगों को बताती थी। दो बार रिश्तेदारों को लेकर बहन के ससुराल पलींदा गए। तब उन्होंने गलती मानी और आगे से परेशान न करने का वादा किया। इसके बाद बहन से 3 दिन पहले मारपीट की।
फोन कर बताया पूजा को लगा है करंट
भाई सुनील बघेल ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे फोन आया कि करंट लगने से पूजा की मौत हो गई। इसके बाद हम लोग भागते हुए उसके घर पहुंचे। वहां पूजा का शव घर के बाहर रखा था। घरवाले भी आसपास मौजूद थे।
पूजा के भाई ने बताया कि उसके गले में रस्सी से गला घोंटने के निशान थे। सिर पर भी कई जगह चोट लगी थी। इसके अलावा बाएं हाथ पर करंट का निशान भी था। लेकिन, यह हत्या को हादसा दिखाने के लिए किया गया था।
पूजा का दो डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में सामने आया कि पूजा की गला घोंटकर हत्या की गई है। उसके गले पर रस्सी के दो गोल निशान हैं। इसके अलावा चेहरे पर चोटें और हाथ पर जलने का निशान हैं।
सीओ रामवीर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। मृतक के गले पर चोट के निशान है। परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। फिलहालत पति फरार है।


