रायसेन जिले के मंडीदीप स्थित मंगल बाजार में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार सीधे एक होटल में जा घुसी। हादसे के समय होटल में लोग नाश्ता कर रहे थे। कार घुसते ही अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चालक शराब के नशे में धुत था। नशे की हालत में उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सीधे होटल में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि होटल के सामने रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
गनीमत रही कि हादसे के दौरान किसी को गंभीर चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई। होटल में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलते ही मंडीदीप थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर कार जब्त कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


