एमपी के इन विधायक को किसका खौफ! एक माह से घर में हैं कैद, भोपाल आवास में परिवार अंदर, बाहर डाला ताला

एमपी के इन विधायक को किसका खौफ! एक माह से घर में हैं कैद, भोपाल आवास में परिवार अंदर, बाहर डाला ताला

रूपेश मिश्रा भोपाल. पुलिस और गुंडों के गठजोड़ से भाजपा विधायक की जान सांसत में है। मऊगंज थाने में 13 माह पहले घुसकर टीआइ सनत द्विवेदी को धमकाने वाली मूसा गैंग ने सत्ता पक्ष के विधायक प्रदीप पटेल को जान से मारने की धमकी दी है। इससे विधायक इतना डरे कि उन्होंने परिवार समेत खुद को भोपाल में सरकारी आवास में कैद कर लिया है। एक माह से पूरा परिवार आवास में कैद है और बाहर विधायक ने ताला लगा रखा है। गार्ड सुरक्षा मेंं जुटे हैं। इस धमकी के बाद मऊगंज एसपी दिलीप सोनी ने मामले को घुमाने की कवायद शुरू कर दी है। एसपी का कहना है, ऐसी कोई गैंग नहीं है। ऐसे में सवाल है कि 29 जनवरी 2025 को तत्कालीन टीआइ सनत द्विवेदी ने रोजनामचे में मूसा गैंग का जिक्र क्यों किया? एसपी के बयान और टीआइ के रोजनामचे से सवाल खड़े हो रहे हैं कि मऊगंज में कहीं पुलिस और गुंडों की सांठगांठ तो नहीं है?

टीआइ ने रोजनामचे में लिखा-मूसा गैंग मेरी हत्या करा सकता है
29 जनवरी 2025 को रात 1.05 बजे तत्कालीन टीआइ सनत द्विवेदी ने रोजनामचे में लिखा- विपिन त्रिपाठी, आशुतोष तिवारी, संतोष तिवारी, लालू पाण्डेय, अशोक चौरसिया समेत 40-50 लोग रात 10.30 बजे मेरे चैंबर में घुस गए। मुझे भ्रष्ट कहा। थाने से हटवाने की धमकी दी। अश्लील और अपमानजनक शब्द भी कहे। कहा-जब तुमने एडिशनल साहब को फोन किया, तब मैं सुन रहा था। थाने में बल कम था, इसलिए मैंने जवाब नहीं दिया। वे मारपीट पर उतारू थे। बस्ती के लोगों में चर्चा है कि वे मूसा गैंग के हैं। मैं परिवार के साथ अकेला रहता हूं। वे कभी भी मेरे साथ कोई दुर्घटना या हत्या करवा सकते हैं।

मिलीभगत ऐसी…गुंडों की बजाय टीआइ पर कार्रवाई
इस रोजनामचे के बाद पुलिस के सीनियर अफसरों ने मूसा गैंग पर कार्रवाई नहीं की। टीआइ को हटाकर जांच शुरू करा दी।

‘टीआइ ने गलत लिखा था’

मामले में पत्रिका ने मऊगंज एसपी दिलीप सोनी से सीधी बात की-

पत्रिका: मऊगंज विधायक लापता हैं, क्या आपको पता है?
एसपी: लापता नहीं हैं, अवकाश पर हैं। रीवा सांसद ने यह बयान दिया है।

पत्रिका: विधायक ने मूसा गैंग से जान को खतरा बताया है?
एसपी: यह बात गलत है, मूसा गैंग जैसा कुछ है ही नहीं।

पत्रिका: फिर तत्कालीन टीआइ सनत द्विवेदी ने रोजनामचे में मूसा गैंग का जिक्र क्यों किया?
एसपी: गलत लिखा था। इसलिए उन पर कार्रवाई की गई।

विधायक प्रदीप पटेल बोले- एसपी खुद खौफ खाते हैं

एक माह से लापता विधायक प्रदीप पटेल तक भी हम पहुंचे। वे बोले- एसपी खुद खौफ खाते हैं। विधायक प्रदीप पटेल ने उनपर गैंग को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

पत्रिका: आप क्यों छिपे हैं?
विधायक: मूसा गैंग ने जान से मारने की धमकी दी है। पिछले कुछ समय में मुझ पर 6 बार हमले हो चुके हैं।

पत्रिका: मऊगंज एसपी तो कह रहे हैं, मूसा गैंग जैसा कुछ है ही नहीं?
विधायक: एसपी खुद इस गैंग से खौफ खाते हैं। इसलिए वे उन्हें संरक्षण देते हैं। इस गैंग ने मुझे ही नहीं, डेढ़ साल पहले मेरी बहन के घर में घुसकर बहन और बहनोई को बंधक बनाकर डकैती की थी। उनका आज तक पता नहीं चला।

पत्रिका: क्या आपने सीनियर अफसरों को बताया?
विधायक: घटना वाले दिन ही रीवा डीआइजी को फोन किया। न्याय न मिलने पर विधानसभा अध्यक्ष को बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *