गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर 5 रुपये में मिलेगा सेनेटरी पैड:AC वेटिंग रूम में जल्द लग जाएगी 5 वेंडिंग मशीनें

गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर 5 रुपये में मिलेगा सेनेटरी पैड:AC वेटिंग रूम में जल्द लग जाएगी 5 वेंडिंग मशीनें

गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर महिला यात्रियों और महिला कर्मचारियों की सुविधा के लिए जल्द ही सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें लगाई जाएंगी। रेलवे प्रशासन की इस पहल से महिलाओं को यात्रा के दौरान होने वाली आकस्मिक जरूरतों में बड़ी राहत मिलेगी। जानकारी के अनुसार, गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर कुल 5 सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित की जाएंगी। इन मशीनों को एसी वेटिंग रूम में लगाया जाएगा। खास बात यह है कि इन मशीनों से सिर्फ 5 रुपये का सिक्का डालने पर तुरंत सेनेटरी पैड मिल जाएगा। इस सुविधा से खासकर महिला यात्रियों, किशोरियों और कामकाजी महिलाओं को फायदा होगा। कई बार यात्रा के दौरान ऐसी जरूरत अचानक पड़ जाती है, ऐसे में अब उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा और वे सम्मानजनक तरीके से अपनी जरूरत पूरी कर सकेंगी।
गोरखपुर स्टेशन डायरेक्टर रतनदीप गुप्ता ने बताया कि यह व्यवस्था एक स्थानीय प्रतिष्ठित व्यवसायिक समूह द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत की जा रही है। उन्होंने कहा, “इस व्यवस्था से जरूरतमंद महिलाओं और किशोरियों को तत्काल सुविधा मिलेगी तथा यह रेलवे की यात्री-हितैषी सोच का एक महत्वपूर्ण कदम है।”
रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह पहल केंद्र सरकार की मासिक धर्म स्वच्छता योजना, स्वच्छ भारत मिशन और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं की भावना के अनुरूप है। इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्मसम्मान को बढ़ावा देना है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि स्टेशन पर इस तरह की सुविधाएं उपलब्ध होने से न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर उनकी जरूरतों को समझने और उन्हें सम्मान देने की दिशा में भी यह एक सकारात्मक और जरूरी कदम साबित होगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *