बस्ती रेलखंड पर 190 बिना टिकट यात्री पकड़े गए:रेलवे ने विशेष अभियान में 1.04 लाख रुपये का जुर्माना वसूला

बस्ती रेलखंड पर 190 बिना टिकट यात्री पकड़े गए:रेलवे ने विशेष अभियान में 1.04 लाख रुपये का जुर्माना वसूला

पूर्वोत्तर रेलवे ने बस्ती रेलखंड सहित आसपास के प्रमुख मार्गों पर बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर सख्ती बढ़ा दी है। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और रेल राजस्व की क्षति रोकने के उद्देश्य से 1 से 9 फरवरी 2026 तक एक विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नियमों का उल्लंघन सामने आया। महाप्रबंधक उदय बोरवणकर के निर्देश पर प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में वाणिज्य अधिकारियों की एक टीम गठित की गई थी। इस टीम ने गोरखपुर–बस्ती–गोंडा तथा गोरखपुर–भटनी–बेलथरा रोड रेलखंड पर ट्रेनों और स्टेशनों पर सघन जांच की। अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट पर सफर, बिना बुक किए गए सामान के साथ यात्रा तथा पैंट्रीकार और ऑन-बोर्ड स्टाफ की आईडी की जांच की गई। रेलवे जांच में कुल 190 प्रकरण पकड़े गए, जिनसे 1,04,100 रुपये का राजस्व वसूल किया गया। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से न केवल राजस्व की रक्षा होती है, बल्कि ईमानदार यात्रियों को भी सुविधा मिलती है। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने बताया कि सभी मंडलों में नियमित रूप से स्पॉट चेक, एम्बुश चेक और किलाबंदी चेक किए जा रहे हैं। बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर प्रभावी रोक लगाने के लिए स्टेशनों और गाड़ियों में विशेष टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *