छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में विधायक के गृह ग्राम आमदी स्थित शासकीय नवीन महाविद्यालय में स्नेह सम्मेलन के दौरान जमकर हंगामा हुआ। यह बवाल आमंत्रण कार्ड में विधायक का नाम न होने के आरोप के बाद शुरू हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस बात का विरोध करते हुए कॉलेज के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। इससे स्थिति और गंभीर हो गई। लगभग 10 मिनट बाद ताला खोला गया, जिसके बाद कांग्रेसी और विधायक समर्थक मुख्य अतिथि का इंतजार करने लगे। जैसे ही महापौर कॉलेज पहुंचे, कांग्रेसियों ने एक बार फिर दरवाजा बंद करने का प्रयास किया। पुलिस के हस्तक्षेप और झड़प के बाद दरवाजा खोला गया और महापौर कॉलेज में प्रवेश कर सके। स्नेह सम्मेलन में उद्बोधन के बाद जब महापौर कॉलेज से बाहर निकले, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें ‘बेशरम’ का फूल भेंट करने की कोशिश की। पुलिस ने महापौर को सुरक्षा घेरे में उनके वाहन तक पहुंचाया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसी बीच, कांग्रेसियों ने महापौर के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके जवाब में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विधायक के खिलाफ नारे लगाए। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी कॉलेज पहुंच गए, जिससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और विधायक प्रतिनिधि सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाए, जिससे तनाव की स्थिति बनी रही।


