एमपी के पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा के कार्यक्रम में भगदड़, एक महिला की मौत, कई घायल

एमपी के पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा के कार्यक्रम में भगदड़, एक महिला की मौत, कई घायल

Narottam mishra- मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। ग्वालियर के डबरा में कलश वितरण कार्यक्रम में यह भगदड़ मची जिससे एक महिला की मौत हो गई जबकि कई घायल हो गए। पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित किया था। कलश लेने के लिए महिलाएं उमड़ पड़ीं और इसी दौरान भगदड़ मच गई। हादसे के बाद कलेक्टर रुचिका चौहान अस्पताल पहुंची और हालात का जायजा लिया। इधर महिला के परिजन शव लेकर थाने पहुंच गए। कार्यक्रम आयोजक पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी थाने पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि कलश लेने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं आई थीं। कलश लेने की जल्दबाजी में भगदड़ मच गई। कलेक्टर ने एक महिला की मौत की तस्दीक करते हुए बताया कि हादसे में चार घायल हुए हैं जिन्हें डॉक्टर ने निगरानी में रखा है।

स्टेडियम ग्राउंड में कलश वितरण शुरु होते ही अफरा-तफरी मच गई

डबरा में नवग्रह पीठ का प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया गया है। इसके लिए दोपहर 1 बजे से कलश यात्रा निकाली जानी थी। स्टेडियम ग्राउंड में कलश वितरण शुरु होते ही अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना पर डीआईजी अमित सांघी भी डबरा आ पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले में मर्ग कायम किया गया है। भगदड़ मचने को लेकर जांच शुरु कर दी गई है।

मृतका की बहू रीना साहू ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया

बताया जा रहा है कि कलश वितरण के समय एक गेट को अचानक बंद कर दिया गया था। इससे कुछ महिलाएं व बच्चियां दब गईं। करीब 70 साल की रति साहू की डबरा अस्पताल में मौत हो गई। मृतका की बहू रीना साहू ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने डबरा सिविल अस्पताल के डॉक्टर्स पर इलाज में लापरवाही करने का आरोप लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *