शपथ के 10 दिन बाद सुनेत्रा पवार ने संभाला डिप्टी सीएम का पद, अब मिलेगी NCP की कमान!

शपथ के 10 दिन बाद सुनेत्रा पवार ने संभाला डिप्टी सीएम का पद, अब मिलेगी NCP की कमान!

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दिवंगत नेता अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने मंगलवार को प्रदेश की नई उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया। अजित पवार के निधन के चार दिन बाद 31 जनवरी को सुनेत्रा पवार ने राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

पार्टी के वरिष्ठ नेता और बेटे पार्थ थे साथ

उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने से पहले सुनेत्रा पवार आज सुबह साढ़े 8 बजे के करीब मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह दादर स्थित चैत्यभूमि गईं और भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके साथ एनसीपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़े बेटे पार्थ पवार भी मौजूद थे।

Sunetra Pawar visits Siddhivinayak Mandir

बता दें कि अजित पवार 28 जनवरी को जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के लिए प्रचार करने बारामती आ रहे थे, तभी उनका प्लेन लैंड करते समय रनवे से लगभग 50 मिनट दूर क्रैश हो गया। इस दुर्घटना में अजित पवार का निधन हो गया। चार अन्य लोग भी इस हादसे में मारे गए। 29 जनवरी को अजित पवार के पार्थिव शरीर का बारामती के विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

अजित पवार के निधन के बाद पत्नी सुनेत्रा पवार को उनकी जगह उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। उन्हें आबकारी, खेल और अल्पसंख्यक विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि पति के धार्मिक और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के बाद सुनेत्रा पवार ने आज औपचारिक रूप से उपमुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभाला। पुणे और बीड जिले के पालक मंत्री पद की जिम्मेदारी भी उनके पास है।

अजित पवार के बारे में कही थी भावुक बात

शपथ ग्रहण के बाद सुनेत्रा पवार ने कहा था कि आदरणीय अजित दादा ने किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के लिए पूरी जिंदगी जीने का मंत्र दिया है। आज, शिव-शाहू-फुले-अंबेडकर के सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा के साथ उनके विचारों की विरासत को आगे बढ़ाते हुए, कर्तव्य की भावना के साथ उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए मेरा दिल सच में भर आया है।

उन्होंने आगे कहा कि अजित पवार के असमय निधन से मेरे दिल पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, लेकिन मेरा सच्चा सहारा कर्तव्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, संघर्ष करने की ताकत और लोगों के साथ उनका रिश्ता है, जो उन्होंने मुझे सिखाया। मैं उनके सपनों के न्यायपूर्ण, समानता-आधारित और विकसित महाराष्ट्र को साकार करने के लिए अथक और ईमानदारी से काम करती रहूंगी। इन मुश्किल समय में महाराष्ट्र के लोगों का प्यार और समर्थन ही मेरी असली ताकत है। आपके भरोसे की शक्ति से, दादा के आदर्शों को रोशन करते हुए, मैं नई उम्मीद के साथ आगे बढ़ती रहूंगी।

सुनेत्रा पवार के हाथों में NCP की कमान?

उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सुनेत्रा पवार ने आज पदभार संभाला। इसी बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के भीतर यह मांग तेज हो गई है कि पार्टी की कमान भी सुनेत्रा पवार को सौंपी जाए। एनसीपी के कई बड़े नेताओं ने खुलकर यह राय रखी है कि पार्टी नेतृत्व की जिम्मेदारी सुनेत्रा पवार को दी जानी चाहिए। विधायकों ने तो सार्वजनिक रूप से उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की है।

इन सभी घटनाक्रमों के बीच अब यह चर्चा और तेज हो गई है कि पार्टी की पूरी बागडोर सुनेत्रा पवार के हाथों में सौंपी जाए। इसी मुद्दे को लेकर आज मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायकों की अहम बैठक होने जा रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक में पार्टी नेतृत्व को लेकर महत्वपूर्ण फैसला हो सकता है। सुनेत्रा पवार जल्द ही दिल्ली का दौरा कर सकती हैं, जहां वह प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *