जयपुर की इस सड़क को बना दिया ‘रेसिंग ट्रैक’, 161 की स्पीड देख पुलिस के उड़े होश; अब रईसजादों पर गिरी गाज

जयपुर की इस सड़क को बना दिया ‘रेसिंग ट्रैक’, 161 की स्पीड देख पुलिस के उड़े होश; अब रईसजादों पर गिरी गाज

Jaipur Over speed News: जयपुर का पॉश इलाका जेएलएन मार्ग (JLN Marg) बीती रात थर्रा उठा। जब आम शहरवासी गहरी नींद में थे, तब कुछ वाहन चालक इस वीआईपी सड़क को रेसिंग ट्रैक समझकर मौत की रफ्तार से गाड़ियां दौड़ा रहे थे। ऑटोमैटिक कैमरों में जब इनकी स्पीड रिकॉर्ड हुई, तो पुलिस अधिकारियों के भी पसीने छूट गए।

161 की स्पीड और पुलिस का एक्शन

मालवीय नगर इलाके में सरस पार्लर के पास लगे ‘ऑटोमैटिक स्पीड वॉयलेशन सिस्टम’ ने एक कार (RJ 14 YC 1522) को 161 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से कैद किया। वहीं एक अन्य गाड़ी 122 की स्पीड पर फर्राटा भर रही थी। इस जानलेवा लापरवाही पर तुरंत संज्ञान लेते हुए ट्रैफिक पुलिस के एसआई बिजेंद्र सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है।

BNS की नई धाराओं में फंसे वाहन मालिक

पुलिस ने केवल चालान काटकर ही पीछा नहीं छोड़ा है। लापरवाही की हद पार करने वाले इन चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125, 183 और 184 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसका मतलब है कि अब इन रईसजादों को भारी जुर्माने के साथ-साथ जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है और ड्राइविंग लाइसेंस रद्द होना भी तय है।

कैमरों की नजर में पूरा जयपुर

जिला कलेक्टर की अधिसूचना के अनुसार, टोंक रोड, जेएलएन मार्ग और वैशाली नगर जैसे शहरी क्षेत्रों में अधिकतम गति सीमा तय है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि रात के सन्नाटे में तेज रफ्तार का शौक पालने वाले यह न भूलें कि ‘नो कॉन्टैक्ट पुलिसिंग’ के जरिए हाई-टेक कैमरे हर पल उन पर नजर रख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *