शेखावाटी में गोल्ड लोन घोटाले के बाद एक और बड़ा खुलासा, नकली सोना रख परिचितों को दे दिया 30 लाख का लोन, जानें पूरा मामला

शेखावाटी में गोल्ड लोन घोटाले के बाद एक और बड़ा खुलासा, नकली सोना रख परिचितों को दे दिया 30 लाख का लोन, जानें पूरा मामला

झुंझुनूं। नवलगढ़ की पीएनबी शाखा में गोल्ड लोन घोटाले के बाद अब पिलानी में मणप्पुरम फाइनेंस लिमिटेड की शाखा में नकली सोना गिरवी रखकर परिचितों के नाम पर करीब 30 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गबन के इस मामले में शाखा प्रबंधक संदीप सैनी तथा सहायक शाखा प्रबंधक नरेन्द्र सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया है।

थानाधिकारी चंद्रभान ने बताया कि 9 दिसंबर 2025 को कंपनी के एरिया मैनेजर लोकेश शर्मा ने पिलानी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार पिलानी में पंचवटी के पास स्थित शाखा का 12 से 24 अक्टूबर के बीच ऑडिटर हेमराज मीणा और मनीष कुमार ने लेखा परीक्षण किया। इसमें सामने आया कि शाखा प्रबंधक संदीप सैनी व उप शाखा प्रबंधक नरेन्द्र सिंह राजपूत सहित अन्य की मिलीभगत से 30 लाख 8 हजार 281 रुपए का गबन किया गया।

आरोपियों ने अंडर-स्टोन, जीरो प्योरिटी, मिसिंग व पार्टली-मिसिंग श्रेणी के नकली या अपूर्ण सोने के गहने गिरवी रखकर पद का दुरुपयोग किया तथा रिश्तेदारों व परिचितों के नाम पर ऋण स्वीकृत कर राशि का गबन कर लिया।

जांच में खुलासा: नकली सोना रखकर पास किए लोन

पुलिस ने पिलानी शाखा से रिकॉर्ड जब्त कर सीसीटीवी फुटेज की जांच की। अनुसंधान में सामने आया कि शाखा प्रबंधक और सहायक प्रबंधक ने अपने रिश्तेदारों व परिचितों के नाम पर नकली सोना गिरवी रखकर असली सोने के मूल्य के बराबर करीब 30 लाख रुपए के लोन स्वीकृत किए।

जांच के दौरान करीब दस ऐसे बैंक खाते सामने आए, जिनमें इस प्रकार ऋण जारी किया गया। जुर्म प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने श्रीमाधोपुर निवासी मैनेजर संदीप सैनी तथा गुड़ा ढहर क्षेत्र की ढाणी देवलक्या निवासी सहायक मैनेजर नरेन्द्र सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *