ICC की मीटिंग के बड़े फैसले: 15 को ही होगा भारत-पाक मैच, बांग्लादेश पर नहीं लगेगा कोई बैन, बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी का भी तोहफा

ICC की मीटिंग के बड़े फैसले: 15 को ही होगा भारत-पाक मैच, बांग्लादेश पर नहीं लगेगा कोई बैन, बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी का भी तोहफा

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के साथ बैठक में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने कई बड़े फैसले लिए हैं। इस मीटिंग में तय किया गया है कि भारत और पाकिस्‍तान का ग्रुप चरण में मुकाबला तय शेड्यूल के अनुसार, 15 फरवरी को ही होगा। इसके साथ ही आईसीसी ने अपने बयान में कहा है कि वर्ल्ड कप से हटने के लिए बांग्लादेश पर कोई बैन नहीं लगाया जाएगा। इसके साथ ही 2031 के वर्ल्‍ड कप से पहले उसे एक आईसीसी इवेंट की मेजबानी भी सौंपी जाएगी।

पाकिस्‍तान सरकार ने जारी किए निर्देश

आईसीसी के साथ मीटिंग के बाद पाकिस्तान सरकार ने अपने खिलाड़ियों को 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ मैदान में उतरने का निर्देश दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्‍स पर पाकिस्तान सरकार ने कहा कि देश के पीएम शहबाज शरीफ को पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने आईसीसी के साथ उच्च-स्तरीय मीटिंग के नतीजों के बारे में जानकारी दी थी, जिसके बाद टीम को निर्देश जारी किया गया है। पाकिस्तान ने ये फैसला श्रीलंका क्रिकेट, यूनाइटेड अमीरात क्रिकेट बोर्ड के पत्रों और कई आईसीसी मीटिंग्स के बाद लिया है।

बांग्लादेश पर कोई बैन नहीं: आईसीसी

वहीं, आईसीसी ने एक बयान में कहा है कि पूर्ण सदस्य देश बांग्लादेश पर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत न जाने की अनिच्छा के कारण कोई बैन नहीं लगाया जाएगा। सहमति बनी है कि मौजूदा मामले के संबंध में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर कोई वित्तीय, खेल या प्रशासनिक जुर्माना नहीं लगाया जाएगा। यह स्वीकार किया जाता है कि बीसीबी के पास विवाद समाधान समिति (DRC) से संपर्क करने का अधिकार है, यदि वह ऐसा करना चाहे। यह अधिकार मौजूदा आईसीसी नियमों के तहत मौजूद है और बरकरार रहेगा।

2031 से पहले बांग्लादेश में होगा आईसीसी इवेंट

बयान में कहा गया है एक और समझौता हुआ है कि बांग्लादेश आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2031 से पहले एक आईसीसी इवेंट की मेजबानी करेगा, जो सामान्य आईसीसी होस्टिंग प्रक्रियाओं, समय-सीमा और ऑपरेशनल जरूरतों के अधीन होगा। यह एक मेजबान के तौर पर बांग्लादेश की क्षमता में विश्वास को दिखाता है और देश में क्रिकेट को विकसित करने के लिए अपनी मेंबरशिप में सार्थक होस्टिंग के मौके देने की आईसीसी की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *