CRPF Jawan Nandkishore Prajapat: राजसमंद। मध्यप्रदेश के नीमच में भारी सुरक्षा वाले सीआरपीएफ कैंपस के अंदर राजस्थान के सीआरपीएफ जवान का कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि यह जवान 44 दिन से लापता था। इस मामले में जवान के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
नीमच के सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) कैंपस के अंदर सफाई कार्य के दौरान झाडियों में एक मानव कंकाल मिला। उसकी पहचान बीते 44 दिन से लापता जवान नंदकिशोर प्रजापत के रूप में हुई। पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
राजसमंद जिले का रहने वाला था मृतक
राजस्थान से सोमवार को नीमच गए परिजनों ने वहां मिले कड़े, अंगूठी, मोबाइल और कपड़ों को देख मृतक की पहचान की। मृतक जवान नंदकिशोर राजसमंद जिले की भीम तहसील का रहने वाला था।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। आरोप है कि किसी बड़ी घटना को दबाने की कोशिश की जा रही है। मृतक के भाई ने कहा कि पहले जब जवान के बारे में पूछा गया था तो अधिकारियों ने यह कहा था कि जवान छुट्टी लेकर घर गया है। लेकिन, घर पर आया ही नहीं था।
पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच से खुलेगा राज
कैंट थाना पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, मौत की असली वजह जानने के लिए कंकाल को पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए मंदसौर भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।


