12वीं बोर्ड परीक्षा का पहला पेपर आज से:सुबह 8:45 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट प्रतिबंधित

12वीं बोर्ड परीक्षा का पहला पेपर आज से:सुबह 8:45 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट प्रतिबंधित

मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोर्ड) की हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाएं 10 फरवरी से शुरू हो रही हैं। परीक्षाओं को लेकर बोर्ड ने इस बार सख्त निर्देश जारी किए हैं। स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा केंद्रों पर सुबह 8:45 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। बोर्ड का कहना है कि समय पर परीक्षा प्रक्रिया शुरू कराने और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। 7 परीक्षा केंद्र रहेंगे रिजर्व परीक्षा के पहले दिन मंगलवार को कक्षा 12वीं के अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र सुबह 9 बजे से आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा जिले के 84 परीक्षा केंद्रों पर होगी, जिसमें कुल 26,744 विद्यार्थी शामिल होंगे। वहीं कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 13 फरवरी से प्रारंभ होंगी। इसके लिए 91 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 22,777 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 7 परीक्षा केंद्र रिजर्व रखे गए हैं। यहां रहेगी विशेष नजर बोर्ड और जिला स्तर पर परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में कुल 73 सामान्य, 12 संवेदनशील और 6 अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। नकल पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए एमपी बोर्ड द्वारा 16 उड़नदस्तों का गठन किया गया है। इन दलों में जिला प्रशासन, बोर्ड और स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हैं, जो लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। जिले में 91 केंद्रों पर होगी परीक्षा एमपी बोर्ड की परीक्षाएं 10 फरवरी से शुरू होकर 7 मार्च 2026 तक चलेंगी। जिले में बनाए गए 91 परीक्षा केंद्रों में भितरवार में 10, डबरा में 14, घाटीगांव में 6, मुरार ग्रामीण में 5 और मुरार शहरी क्षेत्र में सर्वाधिक 56 केंद्र शामिल हैं। इनमें 41 शासकीय और 50 निजी विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया है। इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित एमपी बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र की जांच अनिवार्य होगी। बिना प्रवेश पत्र किसी भी छात्र को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नकल पर होगी सख्त कार्रवाई परीक्षाओं को नकलविहीन और निष्पक्ष बनाने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। कई केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है, जबकि उड़नदस्ते लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखेंगे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *