ललितपुर में सोमवार शाम एक विवाहिता ने कीटनाशक दवा का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। विवाहिता ने अपने पति और ससुर पर मारपीट व अभद्रता करने का आरोप लगाया है। यह घटना कस्बा बांसी की है, जहां 22 वर्षीय रानी पत्नी देवेंद्र ने अपने घर में रखे कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए। चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर लिया है। रानी ने बताया कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता है, और ससुर भी गाली-गलौज करते हैं। उसने आरोप लगाया कि सोमवार को उसके पिता और चाचा उसे लेने ससुराल आए थे, लेकिन ससुरालियों ने उसे नहीं भेजा। रानी के पिता और चाचा के जाने के बाद पति और ससुर ने उसके साथ फिर से मारपीट की। इसी से आहत होकर उसने कीटनाशक दवा का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। चिकित्सक उसकी हालत पर नजर रखे हुए हैं।


