हापुड़ में पूर्व राज्यमंत्री मदन चौहान पर हमला:पिस्टल से फायरिंग की कोशिश, आरोपी फरार

हापुड़ में पूर्व राज्यमंत्री मदन चौहान पर हमला:पिस्टल से फायरिंग की कोशिश, आरोपी फरार

हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव हिरणपुरा में एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे पूर्व राज्यमंत्री मदन चौहान पर कार सवार युवकों ने हमला करने का प्रयास किया। मदन चौहान ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उन पर पिस्टल तान दी और फायरिंग करने की कोशिश की। हालांकि गोली नहीं चल सकी। साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए। कार सवार युवक रास्ते में खड़े थे मदन चौहान के अनुसार, सोमवार को वह अपनी इनोवा कार से गांव हिरणपुरा में एक परिचित के यहां सगाई समारोह में जा रहे थे। एक्सप्रेस-वे से उतरकर जैसे ही वह गांव में प्रवेश करने लगे, रास्ते में कुछ कार सवार युवक खड़े मिले। उन्होंने बताया कि युवकों के हाथों में हथियार थे और उनकी गाड़ी के पास आते ही एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर फायरिंग का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चल पाई। घटना के बाद कार में मौजूद सुरक्षाकर्मी बाहर निकले तो आरोपी मौके से फरार हो गए। पूर्व मंत्री ने इस घटना को गंभीर बताते हुए अपनी सुरक्षा को लेकर खतरा जताया और पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि मदन चौहान की पहचान कद्दावर नेताओं में होती है। वह लगातार तीन बार गढ़मुक्तेश्वर सीट से विधायक रह चुके हैं। अखिलेश सरकार में उन्हें राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया था। हालांकि 2017 के चुनाव में वह भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा विधायक कमल मलिक से पराजित हो गए थे। इसके अवाला वह मूल रूप से गढ़मुक्तेश्वर कस्बे में स्याना रोड के रहने वाले हैं और उन्हें दिवंगत अमर सिंह के बेहद करीबी लोगों में गिना जाता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *