अयोध्या में नाबालिग से विवाह का मामला:अपराजिता समिति ने किशोरी को थाने पहुंचाया, आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी

अयोध्या में नाबालिग से विवाह का मामला:अपराजिता समिति ने किशोरी को थाने पहुंचाया, आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी

जिले के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से विवाह किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर अपराजिता सामाजिक समिति ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोरी को सुरक्षित थाने पहुंचाया, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। हालांकि, कार्रवाई से पहले ही आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। यह घटना सोमवार देरशाम की पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के एक गांव की बताई जा रही है। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर उससे विवाह कर लिया। किशोरी की उम्र कानूनी विवाह योग्य न होने के बावजूद यह विवाह कराया गया, जो बाल विवाह निषेध कानून का स्पष्ट उल्लंघन है। मामले की जानकारी मिलते ही अपराजिता सामाजिक समिति की सक्रिय सदस्य कविता मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए समिति ने किशोरी को अपने संरक्षण में लेकर पूरा कलंदर थाने पहुंचाया और पुलिस को किशोरी के नाबालिग होने से संबंधित जानकारी व तथ्यों से अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू कर दी। समिति के अनुसार, उनके हस्तक्षेप से पहले ही विवाह करने वाला आरोपी युवक गांव से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। समिति ने बताया कि किशोरी का बयान दर्ज कराया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई बाल विवाह निषेध अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में की जाएगी। साथ ही किशोरी की सुरक्षा और काउंसलिंग की भी व्यवस्था की जा रही है। इस प्रकरण को लेकर प्रभारी निरीक्षक पूरा कलंदर मनोज शर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *