लाइव कॉन्सर्ट में अपनों से बिछड़ा बच्चा, सोनू निगम ने इस तरह परिवार से मिलवाया, सभी रह गए दंग

लाइव कॉन्सर्ट में अपनों से बिछड़ा बच्चा, सोनू निगम ने इस तरह परिवार से मिलवाया, सभी रह गए दंग

Sonu Nigam Helps Lost Child in Live Concert: बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री में सोनू निगम सिर्फ अपनी आवाज के लिए ही नहीं, बल्कि अपने व्यवहार और संवेदनशीलता के लिए भी जाने जाते हैं। हाल ही में कर्नाटक के हुबली में हुए उनके लाइव कॉन्सर्ट से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लाखों लोगों का दिल जीत लिया है। इस वीडियो में सोनू निगम एक खोए हुए बच्चे की मदद करते नजर आ रहे हैं और वो भी अपने खास अंदाज में। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।

भीड़ में परिवार से बिछड़ा एक बच्चा (Sonu Nigam Helps Lost Child in Live Concert)

दरअसल, सोनू निगम का ये कॉन्सर्ट करीब 30 हजार लोगों की भारी भीड़ के बीच हो रहा था। इसी दौरान एक छोटा बच्चा, श्री साई, भीड़ में अपने परिवार से बिछड़ गया। बच्चा डरा हुआ था और मंच पर लाए जाने के बाद भी उसकी घबराहट साफ दिखाई दे रही थी। ऐसे में सोनू निगम ने हालात को संभालने की जिम्मेदारी खुद संभाली और बच्चे को सहज महसूस कराने की कोशिश की।

सोनू बच्चे के साथ मिलकर गुनगुनाने लगे

सोनू ने बच्चे से बात करते हुए माहौल को हल्का किया और अचानक गाना गुनगुनाने लगे। उन्होंने गाने के अंदाज में ही बच्चे के परिवार को पुकारना शुरू कर दिया, जिससे पूरा स्टेडियम तालियों और हंसी से गूंज उठा। संगीत के जरिए उन्होंने न सिर्फ बच्चे का डर कम किया, बल्कि हजारों लोगों तक उनका मैसेज भी पहुंचा दिया।

बच्चा बोला- मेरा पापा नहीं है (Sonu Nigam Helps Lost Child in Live Concert)

इस दौरान जब सोनू ने मजाक में बच्चे से कहा कि उसके मम्मी-पापा उसके बिना मस्ती कर रहे होंगे। बच्चे ने मासूमियत से जवाब दिया कि उसके पापा नहीं हैं। यह सुनकर सोनू निगम खुद एक पल के लिए चौंक गए, लेकिन उन्होंने तुरंत खुद को संभाला और पूछा कि फिर वह किसके साथ आया है। बच्चे ने जवाब दिया- चाचू। इसके बाद सोनू ने पूरे जोश के साथ माइक पर ‘चाचू’ को पुकारा और मजेदार अंदाज में उन्हें ढूंढने लगे, जिससे दर्शक ठहाके लगाने लगे।

प्रोडक्शन टीम को मिले बच्चे के चाचा

कुछ ही देर में कॉन्सर्ट की प्रोडक्शन टीम ने बच्चे के चाचा को ढूंढ निकाला। सोनू निगम ने पूरी सावधानी बरतते हुए पहले यह सुनिश्चित कराया कि सामने वाला व्यक्ति सच में बच्चे का रिश्तेदार ही है। इसके बाद ही बच्चे को उनके साथ जाने दिया गया। इस जिम्मेदार रवैये पर वहां मौजूद लोग और सोशल मीडिया यूजर्स, दोनों ही सोनू की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

सोनू निगम ने इस पूरे पल का वीडियो खुद सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसे देखकर फैंस भावुक भी हुए और मुस्कुराए भी। किसी ने इसे सोशल मीडिया का सबसे खूबसूरत वीडियो बताया तो किसी ने मजाक में लिखा कि अगली बार वो भी कॉन्सर्ट में जानबूझकर खो जाएंगे।

सोनू निगम का वर्कफ्रंट

वर्कफ्रंट की बात करें तो सोनू निगम इन दिनों अपने ‘दीवाना तेरा’ कॉन्सर्ट टूर के तहत देशभर में परफॉर्म कर रहे हैं। दिसंबर 2025 में गुवाहाटी से शुरू हुआ यह टूर जयपुर, इंदौर होते हुए अब आगे बढ़ रहा है। फरवरी 2026 में लखनऊ में उनका अगला शो तय माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *