आज 9 फरवरी 2026 को मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, मेरठ के कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत ने नई दिल्ली में केंद्रीय खेल एवं युवा कार्य मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात की। इस दौरान विश्वविद्यालय की प्रगति को लेकर एक समीक्षा बैठक भी हुई। बैठक में कुलपति ने विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य की स्थिति, अब तक हुए विकास और आगे की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में कौन-कौन से शैक्षणिक कोर्स शुरू किए जा रहे हैं, शारीरिक शिक्षा, खेल प्रबंधन, तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण से जुड़े कार्यक्रमों पर कैसे काम चल रहा है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय में तैयार हो रही आधुनिक खेल सुविधाओं, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था और पढ़ाई से जुड़े संसाधनों पर भी चर्चा हुई। भविष्य में विश्वविद्यालय के माध्यम से चलाई जाने वाली योजनाओं को लेकर भी बातचीत की गई। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने विश्वविद्यालय के कामकाज पर संतोष जताया और इसे देश के बड़े खेल शिक्षा और प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए जरूरी सुझाव दिए।


