पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता शरद पवार की तबीयत अचानक खराब होने की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 85 वर्षीय पवार फिलहाल अपने पैतृक निवास बारामती में थे, जहां उन्हें अस्वस्थता महसूस हुई। उनकी उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत पुणे शिफ्ट करने का फैसला लिया है।
पुणे में कराया जाएगा भर्ती
मिली जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) प्रमुख शरद पवार को बारामती से पुणे लाया जा रहा है। जहां उन्हें रूबी हॉल क्लिनिक (Ruby Hall Clinic) में भर्ती कराया जाएगा, विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम वहां उनके स्वास्थ्य की जांच करेगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता और परिवार के सदस्य भी पुणे जा रहे हैं। हालांकि, अभी तक अस्पताल या परिवार की ओर से उनकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
ताजा जानकारी के अनुसार, कुछ ही समय पहले शरद पवार का काफिला पुणे की ओर रवाना हुआ। शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले भी मौजूद हैं। शरद पवार के काफिले में एक एंबुलेंस भी शामिल है। थोड़ी ही देर में शरद पवार पुणे पहुंचेंगे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।
कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता
जैसे ही शरद पवार की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई, एनसीपी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता की लहर दौड़ गई। हर कोई उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहा है। फिलहाल उनकी तबीयत बिगड़ने का कारण बुखार और गले में संक्रमण होना बताया जा रही है। अभी आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।
गौरतलब है कि शरद पवार के भतीजे और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार का 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में एक विमान दुर्घटना में दुखद निधन हो गया था।


