HIV Skin Symptoms: हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें डॉक्टर फहद इम्तियाज ने बताया कि उनके क्लिनिक में आए एक मरीज को सिर्फ डैंड्रफ की समस्या थी। शुरुआत में उसे सामान्य इलाज दिया गया, लेकिन जब वह कुछ दिनों बाद वापस आया तो उसका वजन काफी कम हो चुका था। जांच कराने पर पता चला कि वह मरीज HIV पॉजिटिव था। डॉक्टर ने कहा कि यह सेबोरिक डर्मेटाइटिस का मामला था, जो कई बार HIV का पहला संकेत हो सकता है। उन्होंने यह भी अंदेशा जताया कि मरीज को नाई की दुकान पर बिना स्टरलाइज किए ब्लेड से हल्की कट लगने से HIV हुआ होगा।
इस वीडियो के बाद लोगों के मन में डर बैठ गया। क्या नाई की दुकान जाना खतरनाक है? क्या डैंड्रफ HIV का शुरुआती लक्षण है?इन सवालों के जवाब इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवानी यादव (हरियाणा) ने दिया है। तो आइए जानते हैं क्या है उनकी राय।
क्या डैंड्रफ का मतलब HIV होता है?
डॉ. शिवानी साफ कहती हैं कि डैंड्रफ या सेबोरिक डर्मेटाइटिस बहुत आम समस्या है और ज्यादातर मामलों में इसका HIV से कोई लेना-देना नहीं होता। हां, HIV से पीड़ित लोगों में यह समस्या ज्यादा गंभीर हो सकती है, लेकिन सिर्फ डैंड्रफ देखकर यह मान लेना कि व्यक्ति को HIV है, बिल्कुल गलत है।
HIV से जुड़ा डैंड्रफ कैसा होता है?
डॉक्टर के मुताबिक, HIV से जुड़ा सेबोरिक डर्मेटाइटिस ज्यादा गंभीर होता है। सिर्फ सिर तक सीमित नहीं रहता छाती, पीठ और स्किन फोल्ड्स तक फैल सकता है। आम शैंपू या इलाज से ठीक नहीं होता। लेकिन देखने भर से फर्क करना लगभग नामुमकिन है। इसके लिए ब्लड टेस्ट ही एकमात्र तरीका है।
क्या नाई की दुकान से HIV हो सकता है?
इस सवाल पर डॉक्टर शिवानी ने साफ कहा कि इसका खतरा बेहद कम है। HIV वायरस शरीर के बाहर ज्यादा देर जिंदा नहीं रहता। नाई की दुकान पर ब्लेड से हल्की कट लगने से HIV फैलने की संभावना लगभग ना के बराबर होती है। हां, साफ-सफाई और स्टरलाइजेशन जरूरी है, लेकिन सिर्फ इसी वजह से HIV होने की चिंता करना सही नहीं।
HIV में और कौन से स्किन लक्षण दिख सकते हैं?
डॉ. शिवानी बताती हैं कि HIV के शुरुआती या आगे के स्टेज में कुछ और त्वचा संबंधी समस्याएं दिख सकती हैं, जैसे:
- मुंह में बार-बार फंगल इंफेक्शन
- बार-बार छाले या हर्पीज
- अजीब तरह के फंगल इंफेक्शन
- लंबे समय तक न भरने वाले घाव
- पूरे शरीर में खुजली
- अचानक गंभीर सोरायसिस


