भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देवरिया के सदर सांसद शशांक मणि को केंद्रीय प्रशिक्षण टोली का सदस्य नियुक्त किया है। यह नियुक्ति पार्टी के ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ के तहत की गई है। इस निर्णय से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है, और जिला इकाई ने इसे जिले के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। सांसद शशांक मणि ने इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय संगठन मंत्री, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री और राष्ट्रीय महामंत्री सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और कार्यकर्ताओं के सहयोग का परिणाम है। श्री मणि ने विश्वास दिलाया कि वे इस नए पद के माध्यम से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करेंगे। श्री मणि ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का मुख्य उद्देश्य देशभर के लगभग 17 हजार मंडलों में पार्टी कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से मजबूत करना है। इस अभियान के तहत ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर ‘व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन निर्माण से राष्ट्र निर्माण’ के मूल मंत्र को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। सांसद ने यह भी उल्लेख किया कि वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ के दर्शन से लंबे समय से प्रभावित रहे हैं और इसी विचारधारा से प्रेरित होकर उन्होंने मानवतावादी अर्थशास्त्र पर शोध भी किया है। सांसद शशांक मणि ने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रशिक्षण अभियान पार्टी कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्रदान करेगा और ‘विकसित भारत-2047’ की संकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अभियान के तहत, वे ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार की जोनल टीमों के साथ मिलकर संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेंगे।


