सस्ता चार्जर पड़ेगा महंगा, लोकल मोबाइल चार्जर से फोन और जान दोनों को खतरा

सस्ता चार्जर पड़ेगा महंगा, लोकल मोबाइल चार्जर से फोन और जान दोनों को खतरा

Local Mobile Charger Dangers: मोबाइल फोन आज जरूरत बन चुका है। लोग स्मार्टफोन खरीदने में हजारों से लेकर लाखों रुपये तक खर्च कर देते हैं, लेकिन चार्जर खरीदते समय अक्सर लापरवाही बरतते हैं। कुछ पैसे बचाने के लिए लोग बाजार से लोकल या नकली चार्जर ले आते हैं, जो शुरुआत में तो काम करता दिखता है, लेकिन लंबे समय में यही चार्जर फोन और यूजर दोनों के लिए खतरा बन सकता है।

टेक एक्सपर्ट्स के मुताबिक, लोकल चार्जर न सिर्फ फोन की बैटरी को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि ओवरहीटिंग, शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी घटनाओं की वजह भी बन सकते हैं।

फोन और यूजर दोनों के लिए खतरा

ओरिजिनल चार्जर की तुलना में लोकल चार्जर की क्वालिटी काफी खराब होती है। इनमें ओवरहीटिंग कंट्रोल और सेफ्टी फीचर्स की कमी होती है। चार्जिंग के दौरान फोन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगर फोन ज्यादा गर्म हो जाए, तो बैटरी फूलने या फटने तक की नौबत आ सकती है। कई लोग फोन को चार्जिंग के दौरान जेब में रखते हैं या सिरहाने लगाकर सोते हैं, ऐसे में हादसे का खतरा और भी बढ़ जाता है।

बैटरी हेल्थ को पहुंचता है बड़ा नुकसान

स्मार्टफोन में लिथियम-आयन बैटरी का इस्तेमाल होता है, जिसे स्थिर वोल्टेज और करंट की जरूरत होती है। ओरिजिनल चार्जर फोन के लिए जरूरी पावर को कंट्रोल करके सप्लाई करता है, जबकि लोकल चार्जर में खराब क्वालिटी के पुर्जे इस्तेमाल किए जाते हैं। इस वजह से करंट बार-बार ऊपर-नीचे होता है, जिससे बैटरी जल्दी खराब होने लगती है और उसकी लाइफ तेजी से कम हो जाती है। कई मामलों में कुछ ही महीनों में बैटरी बदलवाने की नौबत आ जाती है।

शॉर्ट सर्किट और आग लगने का जोखिम

ओरिजिनल चार्जर को बनाने से पहले और बाद में कई सेफ्टी टेस्ट किए जाते हैं। इनमें शॉर्ट सर्किट प्रोटेक्शन, ओवरचार्ज प्रोटेक्शन और हीट कंट्रोल जैसी सुविधाएं होती हैं। वहीं लोकल चार्जर में इन सेफ्टी फीचर्स को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। नतीजतन, बिजली के उतार-चढ़ाव के दौरान शॉर्ट सर्किट या आग लगने का खतरा बना रहता है, जो घर की सुरक्षा के लिए भी गंभीर जोखिम हो सकता है।

चार्जर खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

  • हमेशा फोन कंपनी द्वारा दिया गया या सर्टिफाइड चार्जर ही इस्तेमाल करें।
  • बहुत सस्ते और बिना ब्रांड वाले चार्जर से बचें।
  • चार्जर पर आउटपुट वोल्टेज और सेफ्टी सर्टिफिकेशन जरूर चेक करें।
  • चार्जिंग के दौरान फोन जरूरत से ज्यादा गर्म हो तो तुरंत चार्जर हटा दें।

चार्जर पर थोड़े पैसे बचाने की कोशिश लंबे समय में भारी नुकसान का कारण बन सकता है। लोकल चार्जर न सिर्फ आपके महंगे फोन को खराब कर सकता है, बल्कि आपकी सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता है। इसलिए फोन की तरह ही चार्जर चुनते समय भी समझदारी और सावधानी जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *